सुरक्षा के साथ ही योजनाओं की जानकारी

राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश में महिलाओं को अब आपात स्थिति में मदद मिलने के साथ ही सरकार की ओर से

By Edited By: Publish:Sun, 28 Aug 2016 12:59 AM (IST) Updated:Sun, 28 Aug 2016 12:59 AM (IST)
सुरक्षा के साथ ही योजनाओं की जानकारी

राज्य ब्यूरो, देहरादून: प्रदेश में महिलाओं को अब आपात स्थिति में मदद मिलने के साथ ही सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी बस एक कॉल करते ही मिल जाएगी। केंद्र की ओर से शुरू की गई डायल 181 योजना प्रदेश में ट्रायल के तौर पर शुरू कर दी गई है। प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी वाला हिस्सा यहां शासन ने अपनी ओर से जोड़ा है। अभी तक इस नंबर पर 30 महिलाओं ने कॉल की है। इसमें सभी ने योजनाओं के संबंध में जानकारी हासिल की है।

महिलाओं के प्रति अपराध और बदसलूकी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। यह देखने में आया है कि कई बार पुलिस अथवा चिकित्सा विभाग की ओर से जारी नंबरों पर फोन करने के बावजूद इन्हें अपेक्षित सहायता नहीं मिल पाती है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने महिलाओं को समयबद्ध सहायता मुहैया कराने के लिए डायल 181 योजना शुरू की है। इसके तहत कई प्रदेश अपने यहां इस योजना को लागू कर चुके हैं। उत्तराखंड में भी इस योजना को शुरू करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कुछ समय पूर्व इस संबंध में बैठक कर इसके लिए नोडल विभागों को आपसी सामंजस्य बनाने को कहा था। अब इस योजना का ट्रायल शुरू हो चुका है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में इस योजना को शुरू किया गया है। अभी इसका कार्यालय झाझरा स्थिति महिला एवं बाल विकास विभाग परिसर में बनाया गया है।

अपर सचिव महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विम्मी सचदेवा ने बताया कि कोई भी परेशान महिला आपात स्थिति में लैंडलाइन अथवा मोबाइल से इस नंबर पर फोन कर सकती है। फिलहाल इस योजना को ट्रायल के तौर पर चलाया जा रहा है। पुलिस संबंधी मामलों को सीधे पुलिस को भेजा जा रहा है जबकि चिकित्सा संबंधी मामलों को 108 को ट्रांसफर किया जा रहा है। इसके अलावा महिलाओं के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी भी संबंधित विभागों के जरिए कॉलर को पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस योजना को विधिवत तरीके से शुरू कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी