रुड़की के नतीजे पर कोर्ट जाएगी भाजपा

By Edited By: Publish:Wed, 01 May 2013 08:28 AM (IST) Updated:Wed, 01 May 2013 08:29 AM (IST)
रुड़की के नतीजे पर कोर्ट जाएगी भाजपा

जागरण ब्यूरो, देहरादून: पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने रुड़की नगर निगम मेयर चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण के नाम पर लोगों को बरगलाने वाली कांग्रेस सरकार को जनता ने सिरे से नकार दिया है। उधर, मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल आर्य ने देर शाम तक आए निकाय प्रमुख की 48 सीटों के रुझान में 20 सीटों पर बढ़त बनाने का दावा किया।

अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने रुड़की नगर निगम मेयर चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा रुड़की मेयर चुनाव में हुई गड़बड़ी के मामले में कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि गैरसैंण के नाम पर बरगलाने वाली कांग्रेस सरकार को जनता ने गैरसैंण में भी नकार दिया है। सरकार को अब नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। जनता 2014 के चुनाव में भी कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है।

उधर, प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप के मुताबिक मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल आर्य ने पार्टी को कई स्थानों पर मिली जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में एक विशेष वर्ग के वोटों के धु्रवीकरण की वजह से भाजपा को सफलता मिली। पिछले निकाय चुनाव में कांग्रेस ने निकाय प्रमुख की 17 सीटें जीती थीं, जबकि इस बार देर शाम तक आए 48 सीटों के रुझान में कांग्रेस 20 सीटों पर आगे निकल चुकी है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी