कूड़ा डंपिग जोन में पांच दिनों से लगी है आग

गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग पर सड़क के नीचे बनाए गए नगर पालिका के डंपिग जोन में पिछले पांच दिनों से आग लगी हुई है। इससे धुआं पूरे क्षेत्र के गांवों तक फैल गया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 23 Nov 2021 10:03 PM (IST) Updated:Tue, 23 Nov 2021 10:03 PM (IST)
कूड़ा डंपिग जोन में पांच दिनों से लगी है आग
कूड़ा डंपिग जोन में पांच दिनों से लगी है आग

संवाद सहयोगी, गोपेश्वर: गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग पर सड़क के नीचे बनाए गए नगर पालिका के डंपिग जोन में पिछले पांच दिनों से आग लगी हुई है। इससे धुआं पूरे क्षेत्र के गांवों तक फैल गया है। बावजूद इसके पालिका कूड़े में लगी आग को बुझाने में नाकाम साबित हुई है। आग लगने के बाद पालिका पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि कूड़ा अधिक होने के बाद पालिका ने ही यह आग लगाई है, हालांकि पालिका इसे असामाजिक तत्वों की शरारत बता रही है।

नगर पालिका डंपिग जोन को लेकर पहले से ही सवालों के घेरे में है। दरअसल, पालिका ने अभी तक कूड़ा निस्तारण के लिए कहीं भी डंपिग जोन नहीं बनाया गया है। पहले गोपेश्वर घिघराण मोटर मार्ग पर कूड़ा फेंका जाता था। स्थानीय निवासियों ने विरोध शुरू किया तो पालिका ने यहां से हटाकर कूड़ा गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग पर गैर गांव के निकट डालना शुरू किया। यहां पर कूड़े का बड़ा ढेर लगा हुआ है। बीते दिनों अचानक इस कूड़े के ढेर पर आग लग गई। बताया जा रहा है कि पिछले पांच दिनों से कूड़े का ढेर आग से धू-धू जल रहा है। इस कूड़े का धुआं गैर, टंगसा, कठूड़ सहित आसपास के क्षेत्र में फैलने से ग्रामीण परेशान हैं। जंगल में चारापत्ती लेने जा रही महिलाओं को भी इस धुएं से दो-चार होना पड़ रहा है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महानंद सिंह बिष्ट ने बताया कि नगर पालिका की लापरवाही के चलते पहले भी कई बार कूड़े के ढेर पर आग के कारण स्थानीय गांवों का वायु प्रदूषण झेलना पड़ा है। उन्होंने कहा कि पालिका एनजीटी के मानकों के धज्जियां उड़ा रही है। इस मामले में उन्होंने प्रशासन को शिकायती पत्र देकर पालिका पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल पंत ने बताया कि कूड़े के ढ़ेर पर आग लगने के कारणों का पता किया जा रहा है। कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि शरारती तत्वों ने यह आग लगाई। बताया कि फायर सर्विस की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी