बागेश्वर में अब तक 165 हेक्टेयर में जंगलों को नुकसान

बागेश्वर जनपद में वनों की आग अभी काबू में नहीं आ पाई है। लगातार एक के बाद एक जंगल जल रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 06 Apr 2021 10:59 PM (IST) Updated:Tue, 06 Apr 2021 10:59 PM (IST)
बागेश्वर में अब तक 165 हेक्टेयर में जंगलों को नुकसान
बागेश्वर में अब तक 165 हेक्टेयर में जंगलों को नुकसान

जासं, बागेश्वर : जनपद में वनों की आग अभी काबू में नहीं आ पाई है। लगातार एक के बाद एक जंगल जल रहे हैं। अब तक 165 हेक्टेयर क्षेत्र में जंगलों को नुकसान पहुंचा है। जिले में जंगलों में आग लगने की 115 घटनाएं वन विभाग ने दर्ज की हैं। जंगलों में आग लगने के कारण तापमान बढ़ने लगा है और वातावरण में धुंआ फैला हुआ है। जिससे लोगों की दिक्कतें बढ़ने लगी हैं।

बागेश्वर जिले में एक लाख छह हजार हेक्टेयर भूमि में आरक्षित और पंचायती वन हैं। इधर मंगलवार को भी जिले के तमाम जंगल जलते रहे। मालता के जंगलों में बीती सोमवार की रात से आग लगी हुई है। हालांकि वन विभाग ने आग पर काबू पाने के लिए 180 फायर वाचर तैनात किए हैं। 29 क्रू-स्टेशन बनाए गए हैं और प्रत्येक स्टेशन पर छह-छह फायर वाचरों की तैनाती की गई है। फोन और डुगडुगी पीटकर भी लोगों को वन विभाग जागरूक कर रहा है। बावजूद जंगलों का जलना लगातार जारी है।

उधर धरमघर क्षेत्र के ऊंचाई वाले पहाड़ों तक भी आग पहुंच गई है। शिखर मूलनारायण मंदिर के आसपास भी आग पहुंच गई है। जिससे वन्य जीव खतरे में आ गए हैं। आग से जड़ी बूटियां भी जलकर राख हो गई हैं। राज्य आंदोलनकारी गंगा सिंह पांगती, महंत उत्मानंद यति महाराज ने आग बुझाने में सहयोग की अपील की है। इधर, डीएफओ बीएस शाही ने कहा कि आग पर लगातार काबू पाया जा रहा है।

आग से ऐठाण में खेतों में तैयार गेहूं की फसल राख

संवाद सूत्र, कपकोट : आग लगातार बेकाबू होते जा रही है। ऐठाण गांव में खेतों में गेहूं की फसल राख हो गई। उधर गैनाड़ गांव तक पहुंची जंगल की आग से घास के कई ढेर जल गए। ऐठाण गांव निवासी दरबान कुमार ने बताया कि आग से उनके गांव के तीन गेहूं के खेत जलकर राख हो गए हैं। जिससे किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने मिलकर आग को काबू किया, जिससे अन्य लोगों के खेत बच गए। इधर, प्रभारी अग्नि शमन अधिकारी बलवीर सिंह की टीम ने गैनाड़ गांव की तरफ आ रही आग पर देर शाम काबू पाया। जिससे बड़ी दुर्घटना होने से टल गई है।

chat bot
आपका साथी