ग्रामीण को मारने वाला गुलदार आदमखोर घोषित

अल्मोड़ा जिले के ताड़ीखेत ब्लॉक के चमड़खान क्षेत्र में बुजुर्ग को मार डालने वाले गुलदार को वन विभाग ने आदमखोर घोषित कर दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 10:58 PM (IST) Updated:Mon, 08 Mar 2021 10:58 PM (IST)
ग्रामीण को मारने वाला गुलदार आदमखोर घोषित
ग्रामीण को मारने वाला गुलदार आदमखोर घोषित

संस, रानीखेत (अल्मोड़ा): ताड़ीखेत ब्लॉक के चमड़खान क्षेत्र में बुजुर्ग को मार डालने वाले गुलदार को आदमखोर घोषित कर दिया गया है। डीएफओ महातिम सिंह यादव की संस्तुति पर वन्यजीव प्रतिपालक ने उसे इंसानों के लिए खतरनाक मानते हुए उससे निपटने की अनुमति दे दी है। इधर डीएफओ ने मौका मुआयना कर विभागीय टीम को गश्त पर लगा दिया है। साथ ही विशेषज्ञ शिकारी लखपत सिंह व ज्वॉय हुकिल के साथ ही उत्तर प्रदेश के शूटरों से संपर्क साध लिया गया है।

डीएफओ के अनुसार आक्रामक हो चुके गुलदार को पहले कैद करने का प्रयास किया जाएगा। ऐसा न होने की दशा में शिकारियों को जिम्मा दे दिया जाएगा। रविवार रात टाना रैली गाव के पं. रघुवर दत्त पंत (60) को गुलदार ने घर से कुछ ही दूर मार डाला था। वह अपने बड़े बेटे प्रकाश के साथ बाजार से लौट रहे थे। गुलदार उन्हें घसीट कर करीब 500 मीटर दूर ले गया। बेटे के चीख पुकार मचाने पर ग्रामीण लाठी डंडे लेकर बचाने दौड़े मगर रघुवर दत्त दम तोड़ चुके थे। देर रात तक गांव में कोहराम रहा। वन क्षेत्राधिकारी हरीश टम्टा व राजस्व उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार ने कैंप किया।

सोमवार को डीएफओ महातिम ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। उन्हीं की संस्तुति पर वन्यजीव प्रतिपालक ने गुलदार को खतरनाक घोषित कर उससे निपटने की अनुमति दे दी।

==========

=========

'घटना दुखद है। वन्यजीव प्रतिपालक से अनुमति मिल गई है। हिसक गुलदार को मानव जीवन के लिए खतरा घोषित किया गया है। एक पिंजरा लगा दिया गया है। दो और मंगाए हैं। रानीखेत वन प्रभाग के साथ ही मृदा संरक्षण से विशेषज्ञ कर्मचारियों को गश्त पर लगाया है। मृतक के परिजनों को फौरी तौर पर 50 हजार का मुआवजा दे दिया है। शेष 3.50 लाख रुपया सप्ताह भर में दिला दिया जाएगा। गुलदार की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

- महातिम सिंह यादव, डीएफओ अल्मोड़ा

chat bot
आपका साथी