जंगल छोड़ आबादी में घुस रहे गुलदार

By Edited By: Publish:Sun, 14 Sep 2014 09:43 AM (IST) Updated:Sun, 14 Sep 2014 09:43 AM (IST)
जंगल छोड़ आबादी में घुस रहे गुलदार

जागरण न्यूज नेटवर्क, द्वाराहाट/ ताड़ीखेत : वन क्षेत्रों को छोड़ गुलदार एक बार फिर आबादी का रुख करने लगे हैं। सुदूर भुमकिया में दर्जन भर मवेशियों को निवाला बना चुके गुलदार ने एक और गाय मार डाली। वहीं कोटाड़ में भी शाम ढलने से पहले ही गाय को शिकार बना लिया। उधर ताड़ीखेत विकासखंड के आधा दर्जन गांवों में गुलदार की धमक से दहशत है।

पहला मामला द्वाराहाट ब्लॉक के भुमकिया क्षेत्र का है। यहां शेखर चंद्र व बीना देवी के एक-एक बैल तथा विनोद कुमार की नौ बकरियों को मार चुके गुलदार ने अब शाम के वक्त हेम चंद्र की गाभिन गाय को निवाला बना लिया। ग्रामीणों ने गरीब किसान को मवेशी क्षति का मुआवजा तथा आबादी में दस्तक दे रहे गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाने की मांग उठाई है। वन विभाग को पत्र भेजने वालों में ग्राम प्रधान अनीता आर्या, युगल किशोर आर्या, तारा चंद्र, महेंद्र प्रसाद, पवन कुमार, मोहन प्रसाद, हेम चंद्र आदि शामिल हैं। वहीं कोटाड़ में भी गुलदार ने शाम ढलने से पूर्व ही आबादी क्षेत्र में गाय को मार गिराया।

दूसरी ओर क्षेत्र पंचायत सदस्य सोहन सिंह खत्री ने बताया कि ताड़ीखेत के अस्वाल कोट्यूड़ा के तोक कूरी में बहादुर सिंह बकरी, सगनेटी में गंगा सिंह, गटोली में प्रकाश सिंह, ज्यूड़ा में पनी राम की एक-एक बकरी, चौगांव में बछिया को गुलदार मार चुका है। उन्होंने भी प्रभावित पशुपालकों को मुआवजा तथा गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाने पर जोर दिया है।

chat bot
आपका साथी