हाईवे पर आठ घंटे थमी रही रफ्तार

संवाद सहयोगी, रानीखेत : अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर करीब आठ घंटे तक जिंदगी की रफ्तार थमी र

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jan 2019 05:02 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jan 2019 05:02 PM (IST)
हाईवे पर आठ घंटे थमी रही रफ्तार
हाईवे पर आठ घंटे थमी रही रफ्तार

संवाद सहयोगी, रानीखेत : अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर करीब आठ घंटे तक जिंदगी की रफ्तार थमी रही। निगलाट क्षेत्र में भूसे से लदा कैंटर पलटने से राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया। दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पहाड़ व मैदान को आ जा रहे वाहन जहां तहां फंस गए। कुछ वाहनों को दूसरे रूट से रवाना किया गया। सुबह जेसीबी की मदद से पलटे कैंटर को किनारे किया गया तब जाकर यातायात सुचारु हो सका।

शनिवार की देर शाम हल्द्वानी से भूसा लेकर कैंटर यूके 04-सीबी-0942 रानीखेत के लिए रवाना हुआ। मध्य रात्रि बाद लगभग एक बजे वाहन हाईवे पर कैंची धाम से पहले निगलाट क्षेत्र में पहुंचा ही था कि चालक नियंत्रण खो बैठा। नतीजतन, कैंटर असंतुलित होकर बीच हाईवे पर पलट गया। ड्राइवर वाहन को मौके पर छोड़ भाग गया। चूंकि मध्य रात्रि बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों का दबाव रहता है लिहाजा एक के बाद दूसरे वाहन जाम में फंसते चले गए। तड़के तक लगभग दो किमी लंबे जाम में यात्री गाडि़यां भी जहां तहां फंस गई। इससे लंबे रूट के यात्रियों की खूब फजीहत हुई। प्रात: करीब सात बजे भवाली कोतवाल उमेद दानू व खैरना चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट मय टीम मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से हाईवे पर पलटे कैंटर को सीधा कर किनारे किया गया। करीब आठ घटे बाद जाम खुला और यातायात सुचारू हो सका।

===============

..और पैदल ही निकल पड़े यात्री

मध्यरात्रि बाद से जाम में फंसे यात्री खासे परेशान रहे। सुबह उजाला होते ही लंबी दूरी के यात्री अपना सामान कंधों व सिर पर लाद पैदल ही दो किमी दूर भवाली व 14 किमी दूर गरमपानी खैरना के लिए निकल पड़े। हालांकि कुछ वाहनों को पुलिस ने वाया हली हरतपा रामगढ़ भवाली होते हुए हल्द्वानी के लिए भेजा।

chat bot
आपका साथी