करपात्र प्राकट्य दिवस पर सुर गंगा बहाएंगे अनूप जलोटा, तपोस्थली पर आस्‍थावानों का होगा जमावड़ा

तपोस्थली धर्म संघ शिक्षा मंडल में चार अगस्त तक रोजाना विभिन्न विषयों पर कार्यक्रमों के जरिए धर्म सम्राट के व्यक्तित्व व कृतित्व का स्मरण किया जाएगा।

By Edited By: Publish:Sat, 27 Jul 2019 01:18 AM (IST) Updated:Sat, 27 Jul 2019 09:20 AM (IST)
करपात्र प्राकट्य दिवस पर सुर गंगा बहाएंगे अनूप जलोटा, तपोस्थली पर आस्‍थावानों का होगा जमावड़ा
करपात्र प्राकट्य दिवस पर सुर गंगा बहाएंगे अनूप जलोटा, तपोस्थली पर आस्‍थावानों का होगा जमावड़ा

वाराणसी, जेएनएन। धर्म सम्राट स्वामी करपात्री महाराज के 112वें प्राकट्योत्सव के आठ दिनी अनुष्ठान 28 जुलाई से शुरू होगा। उनकी तपोस्थली धर्म संघ शिक्षा मंडल में चार अगस्त तक रोजाना विभिन्न विषयों पर कार्यक्रमों के जरिए धर्म सम्राट के व्यक्तित्व व कृतित्व का स्मरण किया जाएगा। दो अगस्त को मुख्य समारोह में अनूप जलोटा भजनों की सुर वर्षा से निहाल करेंगे। धर्मसंघ पीठाधीश्वर शकरदेव चैतन्य ब्रह्मंचारी महाराज ने दुर्गाकुंड स्थित परिसर में शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पहले दिन विश्व कल्याणार्थ 121 दंपती गणपति लक्षार्चन करेंगे।

अगले दिन 29 जुलाई को शास्त्रार्थ, 30 जुलाई को स्कूली बच्चों की सास्कृतिक प्रतियोगिता और चौथे दिन 31 जुलाई को धर्म सम्राट की परंपरानुसार असहायों में अन्नदान किया जायेगा। पांचवें दिन प्राकट्य दिवस की पूर्व संध्या पर करपात्र दीपावली मनाई जाएगी। इसमें धर्म संघ परिसर 40,880 दीपों से सजाया जाएगा। छठें दिन प्राकट्य दिवस पर अतिविशिष्ट करपात्र रत्न समारोह होगा जिसमें देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा मुख्य अतिथि होंगे। सायंकाल भजन संध्या के आयोजन में ख्याति भजन गायक अनूप जलोटा मुख्य आकर्षण होंगे। सातवें दिन सस्वर गीता पाठ प्रतियोगिता होगी।

प्राकट्योत्सव का समापन आठवें दिन चार अगस्त को गौरी केदारेश्वर जलाभिषेक यात्रा के साथ होगा। महामंत्री जगजीतन पांडेय ने बताया कि प्रत्येक वर्ष धर्मसंघ शिक्षा मंडल की ओर से दिया जाना वाला अतिविशिष्ट सम्मान करपात्र रत्न सम्मान प्रो. रामचंद्र पांडेय व करपात्र गौरव पं. व्यास नंदन शास्त्री को प्रदान किया जाएगा। महोत्सव में भाग लेने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु धर्म संघ आ रहे हैं। इस अवसर पर नित्य भंडारा भी चलता रहेगा। अतिविशिष्ट करपात्र रत्न समारोह में पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा मुख्य अतिथि होंगे।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी