श्रीराम मंदिर निर्माण : धन संग्रह अभियान के लिए वाराणसी को दो भाग में बांटा, एक दक्षिण व दूसरा उत्तरी जिला

श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद ने संरचना बना ली है। वाराणसी जिले को दो भाग में बांटा गया है। एक दक्षिण जिला तो दूसरा उत्तर जिला। इसके अभियान प्रभारी भी बना दिए गए हैं। इसके लिए ऊपर से लेकर नीचे तक समितियों का गठन हो रहा है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Tue, 05 Jan 2021 07:34 PM (IST) Updated:Tue, 05 Jan 2021 11:00 PM (IST)
श्रीराम मंदिर निर्माण : धन संग्रह अभियान के लिए वाराणसी को दो भाग में बांटा, एक दक्षिण व दूसरा उत्तरी जिला
श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद ने संरचना बना ली है।

वाराणसी, जेएनएन। श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद ने संरचना बना ली है। वाराणसी जिले को दो भाग में बांटा गया है। एक दक्षिण जिला तो दूसरा उत्तर जिला। इसके अभियान प्रभारी भी बना दिए गए हैं जिसके तहत महानगर अध्यक्ष कन्हैया सिंह को दक्षिणी तो राजन तिवारी को उत्तरी जिला अभियान प्रमुख बनाया गया है।

दक्षिण जिला का धन संग्रह कार्यालय लहरतारा में खोल दिया गया है जिसका उद्घाटन विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय ने किया है जबकि उत्तर जिला का धन संग्रह कार्यालय अभी खोला जाना है। स्थान की तलाश हो रही है। विहिप के कार्यकर्ता अरविंद रस्तोगी के आवास को प्राथमिकता पर रखा गया है। हालांकि, विहिप की ओर से इस बाबत स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है लेकिन वरुणापार इलाके में ही कार्यालय खोलने की तैयारी है। धन संग्रह अभियान के लिए जो संरचना बनाई गई है उसमें दक्षिण जिले को 12 नगरों में बांटा गया है। इसमें 120 बस्तियों को चिन्हित किया गया है। इन बस्तियों को भी पृथक करते हुए हर बस्ती में एक 10 उप बस्ती को शामिल किया गया है। अब तक नगर व बस्तियों की संरचना सुनिश्चित कर ली गई है जबकि उप बस्तियों की संरचना शेष है जिसे 10 जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। 15 जनवरी से जन संग्रह का कार्य प्रारंभ होगा। इसके लिए टोलियों को आकार दिया जा रहा है। इसके लिए ऊपर से लेकर नीचे तक समितियों का गठन हो रहा है। यानी नगर, बस्ती व उप बस्ती में टोलियां बनाई जाएंगी जो धन संग्रह का कार्य करेंगी।

शाम से पहले बैंकों में जाम होगा धन

धन संग्रह के लिए जो रूपरेखा बनी है वह पहले से ही स्पष्ट है। दिन में धन संग्रह कार्य होगा और शाम होने से पहले ही नगर के वार्ड या गांव के समीप स्थित बैंक की शाखा में संग्रहित धनराशि जमा कर दी जाएगी। इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्याय की ओर से बैंक आफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक व बैंक आफ बड़ौदा में खाता खोला गया है। बैंकों की ओर से प्रतिदिन का धन संग्रह ब्योरा रात तक तीर्थ क्षेत्र न्यास को देना होगा।

जिला कार्यालय में लेखा-जोखा

धन संग्रह के लिए निकलने वाली टोलियों का ब्योरा दक्षिण व उत्तर जिला कार्यालय में दर्ज होगा। सुबह कार्यालय में सभी की जुटान होगी। धन संग्रह में कौन-कौन शामिल हैं आदि का नाम दर्ज होगा, इसके बाद शाम को टोलियां बैंकों में जमा की गई धनराशि का ब्योरा दर्ज कराएंगी। यह व्यवस्था पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए की गई है।

श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह अभियान की तैयारी हो रही है

श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह अभियान की तैयारी हो रही है। अब तक नगर व बस्तियों की संरचना रेखांकित कर ली गई है। 10 जनवरी तक उप बस्तियों को भी रेखांकित कर लिया जाएगा। पारदर्शिता के साथ धन संग्रह कार्य होगा। हर स्तर पर निगरानी की जाएगी।

 -कन्हैया सिंह, महानगर अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद 

chat bot
आपका साथी