छह अरब से शुरू होगी रेल परियोजना

By Edited By: Publish:Sun, 03 Nov 2013 09:15 PM (IST) Updated:Sun, 03 Nov 2013 09:16 PM (IST)
छह अरब से शुरू होगी रेल परियोजना

अमेठी: दीपावली पर न सही पर दीपावली के ठीक बाद और होली के पहले यहां सौगातों की बौछार होने वाली है। इसे मिशन 2014 से भी जोड़कर देखा जा सकता है। पर यह बात सोलह आना सच है कि अब देश की केंद्रीय सत्ता अमेठी को एक,दो नहीं बल्कि दर्जनों की संख्या में करोड़ की नहीं बल्कि अरबों की सौगात देने जा रही है। वर्ष 2013 के खत्म होने से पहले अमेठी की झोली में 40 अरब से अधिक की परियोजनाएं होगी।

सियासी रार में उलझी अमेठी की सबसे बड़ी परियोजना पर छाए संकट के बादल अब साफ हो गए हैं। 3241 करोड़ की भारी भरकम लागत से अमेठी के जगदीशपुर में हिन्दुस्तान पेपर मिल खोले जाने की मंजूरी केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 26 नवंबर 2007 को ही दे दी थी। लेकिन सियायत ने अब तक इस बड़ी परियोजना को जमीन पर नहीं आने दिया। वक्त के साथ हालत बदले अब जब आम चुनाव 2014 की तारीख धीरे-धीरे ही सही करीब आ रही है तो ऐसे में कोई रिस्क नहीं लेना चाहता। सो राहुल गांधी के सिपहसलार भी सक्रिय हो उठे हैं। बड़ी परियोजना के शिलान्यास के लिए समारोह और उसमें भीड़ के साथ ही समय व तारीख मुकर्रर की जा रही है। राहुल गांधी से जुड़े सूत्रों की माने तो आने वाले दो महीने अमेठी के लिए बहुत खास होंगे। सबसे पहले हिन्दुस्तान पेपर मिल की आधारशिला जगदीशपुर में रखे जाने की योजना है। हिन्दुस्तान पेपर मिल हरित क्षेत्र से जुड़ी अत्याधुनिक पेपर मिल होगी। इसमें दस हजार लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। वहीं जगदीशपुर में ही इन्स्टीटयूट आफ होटल मैनेजमेंट की आधार शिला भी शीघ्र रखी जाएगी। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय इस पर काम भी शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं सूबे की सरकार ने इसके लिए जगदीशपुर में भूमि भी मुहैया करा दी है। सलोन को रेल मार्ग से जोड़ने के लिए शाहगंज से ऊंचाहार रेलवे लाइन का निर्माण छह अरब की लागत से होगा। जिसकी शुरुआत सलोन से राहुल गांधी के हाथों कराए जाने की योजना है। सलोन के ही छतोह में ड्राइबर ट्रेनिंग इन्स्टीटयूट खोले जाने की तैयारी अंतिम दौर में है। कुल मिलाकर दीपावली से होली के त्योहार के बीच अमेठी के लिए सौगातों की बौछारे बराबर होती रहेगी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी