सरकार आने पर शिक्षा, बिजली, इलाज सब होगा मुफ्त : राजभर
प्राइवेट स्कूलों में पाठ्यक्रम अलग तरीके से चलाया जा रहा है उसे सरकारी स्कूल में भी लागू किया जाएगा। प्राइवेट स्कूल में कहा जाता है क मतलब कंप्यूटर तो सरकारी में क मतलब कबूतर।

सुलतानपुर : महंगाई से जनता परेशान है, कहां गए वो अच्छे दिन, सिलिडर महंगा हो गया है। पेट्रोल-डीजल व अरहर की दाल आसमान छू रहे है। प्रदेश में अब हमने संकल्प लिया है कि समर्थन देकर सपा की सरकार बनाकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएंगे। सपा की सरकार आने पर शिक्षा, बिजली, इलाज सब मुफ्त होगा। यह बातें शुक्रवार को कस्बे में आयोजित भागीदारी पार्टी की महापंचायत को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहीं।
उन्होंने कहा कि जो प्राइवेट स्कूलों में पाठ्यक्रम अलग तरीके से चलाया जा रहा है, उसे सरकारी स्कूल में भी लागू किया जाएगा। प्राइवेट स्कूल में कहा जाता है क मतलब कंप्यूटर तो सरकारी में क मतलब कबूतर। मेरी सरकार आने पर ऐसा नहीं होगा। शिक्षा का प्रसार होगा, अभिभावकों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जो मां-बाप अपने बच्चे को स्कूल नहीं भेजेंगे उसे मेरी सरकार आने पर जेल भेजा जाएगा।
पुलिस विभाग में जो 20 घंटे की ड्यूटी दी जाती है, सरकार आने पर वह आठ घंटे ही ड्यूटी ली जाएगी। करीब आधे घंटे के संबोधन में उन्होंने नरेंद्र मोदी और सीएम योगी पर तंज कसते रहे।
मंच पर चढ़ने की लगी रही होड़ : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहुंचने पर नेता व कार्यकर्ताओं ने मंच पर चढ़ने की होड़ लग गई। पुलिस से जद्दोजहद के बाद कुछ को मंच पर जाने की अनुमति मिली। तो कुछ को निराशा ही हाथ लगी।
खाली रहीं कुर्सियां : बरसात के चलते मैदान में कुर्सियां खाली दिखाई दी, जनता खड़े होकर बारिश से बचने की जुगत भी ढूंढ रही थी। किसी ने पेड़ का सहारा लिया तो कोई गमछे सर पर रखकर बरसात से बचता नजर आया। इसौली विधायक ने भी सभा में शिरकत कर लोगों की हौसलाफजाई की।
Posted By