आज खुलेंगे मॉल, सिनेमा हाल को नियम कानून की दरकार

सिनेमा हाल संचालक कागजी कोरम पूरा करने में जुटे है। प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिग होगी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 14 Oct 2020 11:44 PM (IST) Updated:Thu, 15 Oct 2020 05:03 AM (IST)
आज खुलेंगे मॉल, सिनेमा हाल को नियम कानून की दरकार
आज खुलेंगे मॉल, सिनेमा हाल को नियम कानून की दरकार

सुलतानपुर : कोरोना संक्रमण से बचाव का उपाय अपनाते हुए शासन ने गुरुवार से मॉल व सिनेमा हाल खोलने का निर्देश दिया है, लेकिन जिले में मॉल तो खुल जाएंगे सिनेमा हाल के लिए अभी दर्शकों को कुछ दिनों का और इंतजार करना होगा। मनोरंजन के लिए अभी संचालकों का कागजी कोरम पूरा नहीं हो सका है। वह बाजार को देखने के बाद तैयारी करने में जुट गए है।

कोरोना संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए लॉकडाउन के दौरान सरकार ने मॉल, सिनेमा हाल सभी कुछ बंद कर दिया था। अब अनलॉक में निर्धारित शर्तों पर इसे खोला जा रहा है। शहर के एक मात्र मॉल में तो जहां दुकानें खोलकर सैनिटाइज किया जा रहा है। इसके साथ प्रवेश द्वार पर ही आने वाले ग्राहकों की थर्मल स्क्रीनिग की व्यवस्था की गई है। इसके साथ एक साथ चार से पांच लोग ही प्रवेश पा सकेंगे। वहीं दूसरी ओर सिनेमा हाल के संचालकों में अब भी संशय बरकार है। बंदी का लंबा अंतराल होने से संचालक भी दुविधा में है। वहीं दर्शक क्षमता आधी की गई है। और तो और मार्च माह में लाइसेंस रद्द हो गया है। अब दोबारा संचालन करने के लिए लाइसेंस नवीनीकरण के लिए एनओसी आदि लेने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी रही है। इसके साथ ही इस बीच नई फिल्में भी नहीं, जिसको वह दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत कर सके। शहर के दारियाबाद में एक सिनेमा हाल के मैनेजर घनश्याम मिश्र ने बताया कि फिलहाल साफ-सफाई कराई जा रही है। नवंबर माह से इसके पुन: संचालन की संभावनाएं बन रही है। बंदी में सभी अपने घर चले गए। अब उनको वापस बुलाना है। लाइसेंस के नवीनीकरण व नई फिल्म का इंतजार है। जिला मनोरंजन कर प्रभारी अधिकारी सुबोध सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर सभी सिनेमा हाल संचालकों को पत्र भेजा गया है। आवेदन आते ही सभी का लाइसेंस निर्गत कर दिया जाएगा।

ऑनलाइन होगी बुकिग, दो सीटों में एक रहेगी खाली : शहर के बस स्टेशन स्थित एक मॉल में संचालित सिनेमा हाल के मैनेजर अमन सिंह ने बताया कि 23 अक्टूबर से इसका संचालन करने की उम्मीद है। 94 सीट वाले हाल में 47 सीट की बुकिग की जाएगी। दो सीटों के बीच में एक सीट को शारीरिक दूरी के अनुपालन तहत खाली छोड़ा जाएगा। इसके साथ प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिग व मास्क अनिवार्य रहेगा। टिकटों की बुकिग भी ऑनलाइन होगी।

chat bot
आपका साथी