मामा-भांजे की नदी में डूबकर मौत

थानगांव थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम गोबरहिया नदी में मामा-भांजे की डूबकर मौत हो गई

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Sep 2020 11:16 PM (IST) Updated:Thu, 17 Sep 2020 05:03 AM (IST)
मामा-भांजे की नदी में डूबकर मौत
मामा-भांजे की नदी में डूबकर मौत

सीतापुर : थानगांव थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम गोबरहिया नदी में मामा-भांजे की डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मन्नीपुरवा व भौली गांव के कुछ लोग पितृ विर्सजन के लिए शाम चार बजे मन्नीपुरवा के पास से निकली गोबरहिया नदी किनारे गए थे। मन्नीपुरवा निवासी यश कुमार पुत्र सूबेदार अपनी बहन ममता व कामिनी के साथ नदी किनारे आया था। यहां साथ में यश कुमार का भांजा भौली निवासी छोटू पुत्र सुनीत भी था। यहां पितृ विसर्जन की रस्म के बाद सभी नहाने लगे। तभी ममता, कामिनी, यश कुमार व छोटू गहराई में चले गए और डूबने लगे। यह देखकर स्नान कर रहे लोगों ने शोर मचाया। लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने ममता व कामिनी को किसी तरह बचा लिया। लेकिन यश कुमार व छोटू डूब गए। आधे घंटे के बाद यश कुमार व छोटू को नदी से बाहर निकाला जा सका। दोनों को आनन फानन सीएचसी रेउसा लाया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही चीख पुकार मच गई। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि दोनों की मौत डूबने से हुई है। पिता लखनऊ में करते मजदूरी

यश कुमार के पिता सूबेदार लखनऊ में मजदूरी करते हैं। जैसे ही घटना की सूचना उनको मिली वह गांव के लिए रवाना हो गए। यश कुमार दो भाइयों में छोटा था। सबसे बड़ा कपिल है। नाना की श्राद्ध में आया था छोटू

छोटू अपने नाना की श्राद्ध में शामिल होने के लिए मन्नीपुरवा आया था। यहां पितृ विसर्जन के लिए मामा व मौसी के साथ गोबरहिया नदी किनारे गया था। छोटू से छोटा एक भाई धर्मेंद्र है। पिता सुनीत मजदूरी करता है।

chat bot
आपका साथी