पुलिस ने भेजी प्रियंका समेत 11 की रिपोर्ट, मुचलका भरने के बाद रिहाई

हरगांव पुलिस ने प्रियंका गांधी वाड्रा समेत 11 की रिपोर्ट भेजी एसडीएम की संस्तुति के बाद आगे बढ़ेगी रिहाई की प्रक्रिया

By JagranEdited By: Publish:Wed, 06 Oct 2021 12:30 AM (IST) Updated:Wed, 06 Oct 2021 12:30 AM (IST)
पुलिस ने भेजी प्रियंका समेत 11 की रिपोर्ट, मुचलका भरने के बाद रिहाई
पुलिस ने भेजी प्रियंका समेत 11 की रिपोर्ट, मुचलका भरने के बाद रिहाई

सीतापुर : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत 11 लोगों के विरुद्ध हरगांव पुलिस ने धारा 107/116 व 151 में पाबंद करने के लिए रिपोर्ट एसडीएम को भेजी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एसडीएम की संस्तुति के बाद प्रियंका व उनके समर्थकों की पाबंदी की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया जाएगा। एसडीएम सदर पीएल मौर्य ने बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा को गिरफ्तार कर द्वितीय वाहिनी पीएसी के गेस्टहाउस में भेजा गया था। उन्होंने बताया कि रिहाई के लिए फिलहाल अभी कुछ तय नहीं है। उन्होंने बताया कि जरूरी नहीं कि प्रियंका गांधी वाड्रा को रिहाई के लिए न्यायालय में पेश किया जाए। सीआरपीसी में कई धाराएं हैं, जिनमें मजिस्ट्रेट अस्थाई तौर पर आवश्यकता के अनुसार कहीं पर भी सुनवाई कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि निर्देश मिलते ही उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया जाएगा।

तहसील को भेजी रिपोर्ट में ये 11 नाम

प्रियंका गांधी वाड्रा, अजय कुमार उर्फ लल्लू प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस, दीपेंद्र हुड्डा हरियाणा, दीपक सिंह एमएलसी अमेठी, धीरज गुर्जर राजस्थान, अमित कुमार, हरिकांत, नरेंद्र शेखावत, संदीप, राजकुमार व योगेंद्र।

हरगांव थानाध्यक्ष बोले..

हरगांव थानाध्यक्ष बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि लखीमपुर में धारा 144 लागू है। इस वजह सोमवार तड़के लखीमपुर जाते समय कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को हरगांव में रोका गया था। यहां प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए शांतिभंग की आशंका में उन्हें हिरासत में लेकर सीतापुर भेजा गया था।

वर्जन

प्रियंका गांधी को रोका : डीएम

प्रियंका वाड्रा लखीमपुर जाना चाहती थीं। लखीमपुर में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के प्रवेश को रोका गया है। इसी के मद्देनजर श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा को रोका गया है।

- विशाल भारद्वाज, डीएम सीतापुर

chat bot
आपका साथी