विश्व पटल पर चमक रहे पुलिस के सितारे

डिस्कस थ्रो के माहिर खिलाड़ी हैं पुलिस अधीक्षक डेनमार्क के एल्बर्ग शहर में खेलने जाएंगे दो पुलिसकर्मी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 06 Mar 2020 11:36 PM (IST) Updated:Fri, 06 Mar 2020 11:36 PM (IST)
विश्व पटल पर चमक रहे पुलिस के सितारे
विश्व पटल पर चमक रहे पुलिस के सितारे

सिद्धार्थनगर : पुलिस व अग्निशमन विभाग के जवान विश्व पटल पर जनपद का परचम लहरा रहे हैं। पांच ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया है। पदक जीतने के बाद राष्ट्रीय टीम में इनका चयन हुआ है। इनकी अगुवाई स्वयं पुलिस कप्तान कर रहे हैं। वह डिस्कस थ्रो में विश्व पुलिस खेल में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। ऊंची कूद में अग्निशमन अधिकारी व ग्रीकोरोमन कुश्ती में चालक ने परचम लहराया है। दोनों का चयन डेनमार्क के शहर एल्बर्ग में अगस्त 2020 में होने वाले व‌र्ल्ड फायर सर्विस गेम्स के लिए हुआ है।

..

डिस्कस थ्रो में पदक जीत चुके हैं एसपी

पुलिस अधीक्षक विजय ढुल ने विश्व पुलिस खेल बीजिग 2018 में डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीता था। इनके नाम राष्ट्रीय पुलिस रिकार्ड भी दर्ज है। पुलिस लाइन में अगले माह प्रदेश स्तरीय पुलिस एथलीट प्रतियोगिता कराने की तैयारी में जुटे हैं।

..

व‌र्ल्ड फायर सर्विस गेम्स खेलने जाएंगे सीएफओ

मुख्य अग्निशमन अधिकारी एके सिंह ने दिसंबर 2018 में लखनऊ में हुई राष्ट्रीय फायर सर्विस गेम्स में प्रतिभाग किया था। ऊंची कूद (50 वर्ष से ऊपर आयुवर्ग) में रजत पदक व लंबी कूद में कांस्य पदक जीता। इनका चयन व‌र्ल्ड फायर सर्विस गेम्स के लिए किया गया है।

..

फायर बिग्रेड के आरक्षी ने जीते हैं कई पदक

अग्निशमन विभाग के चालक आरक्षी सुरेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। 80 किलो भारवर्ग कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता था। पुलिस विभाग की प्रतियोगिता में भी यह कई पदक जीत चुके हैं। इनका भी चयन व‌र्ल्ड फायर सर्विस गेम्स के लिए हुआ है।

..

लंबी दूरी की दौड़ के माहिर मुख्य आरक्षी

यूपी 112 में तैनात मुख्य आरक्षी प्रद्युम्न सिंह लंबी दूरी के दौड़ के माहिर हैं। मणिपुर के इंफाल में हुए राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2020 में प्रतिभाग किया था। मैराथन में रजत पदक प्राप्त किया था। प्रदेश पुलिस खेल में लंबी दूरी की दौड़ में तीन स्वर्ण और एक कांस्य जीता था। अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटे हैं।

..

प्रदेश पुलिस खेल में स्वर्ण जीत चुकी हैं महिला जवान

कोतवाली जोगिया में तैनात महिला आरक्षी व भारतोलक सविता राय ने प्रदेश पुलिस खेल में स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। राष्ट्रीय खेल के लिए प्रदेश की टीम में चयन भी हुआ। लेकिन मांसपेशियों में खिचाव के कारण इन्होंने नाम वापस ले लिया।

chat bot
आपका साथी