पुलिस-प्रशासन के खिलाफ अधिवक्ताओं का प्रदर्शन

सिद्धार्थनगर : प्रशासन और पुलिस के खिलाफ अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। एक घंटे तक नौगढ

By Edited By: Publish:Fri, 31 Oct 2014 10:43 PM (IST) Updated:Fri, 31 Oct 2014 10:43 PM (IST)
पुलिस-प्रशासन के खिलाफ अधिवक्ताओं का प्रदर्शन

सिद्धार्थनगर :

प्रशासन और पुलिस के खिलाफ अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। एक घंटे तक नौगढ़-बांसी मार्ग जाम रहा। प्रशासन को जाम खुलवाने में नाको चने चबाने पड़े।

जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यदेव सिंह से गुरुवार को तहसीलदार नौगढ़ से तनातनी हो गयी थी। इसी दिन दूसरे अधिवक्ता राहुल कन्नौजिया की मोहाना थानेदार से झड़प हो गयी। दोनों विवाद को लेकर शुक्रवार को सुबह से ही अधिवक्ता लामबंद होने लगे। न्यायिक कार्य से विरत रहे और वह कलेक्ट्रेट के सामने जाम लगा कर बैठ गए। अधिवक्ताओं कहा कि 24 घंटे के भीतर परिणाम न मिलने पर वह आर-पार की लड़ाई को विवश होंगे।

सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में सुबह न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने बैठक की और आरोप लगाया कि पुलिस व प्रशासन द्वारा अधिवक्ता व कलेक्ट्रेट बार के अध्यक्ष सत्य देव के विरुद्ध अकारण तहसीलदार नौगढ़ द्वारा अकारण प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराया गया। यह भी आरोप लगाया कि अधिवक्ता राहुल कन्नौजिया को थानाध्यक्ष मोहाना द्वारा मारा पीटा गया। अधिवक्ताओं ने इस पर आक्रोश व्यक्त किया। वह जुलूस की शक्ल में बाहर निकल आए। कलेक्ट्रेट के समक्ष नौगढ़-बांसी मार्ग पर वह जाम लगाकर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। उन्होंने तत्काल मोहाना थानाध्यक्ष को निलंबित करने की मांग की। अधिवक्ता राहुल कन्नौजिया ने आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष मोहाना ने उन्हें अकारण पीटा है और तीन घंटे तक लाकअप में बंद रखा। बाद में जब एसोसिएशन के लोगों ने फोन किया, तब उन्हें छोड़ा गया। उनके जाम स्थल पर मौजूद अधिवक्ताओं की जिद थी, कि जब तक थानाध्यक्ष को निलंबित नहीं किया जाता, वह वहीं जमे रहेंगे। बाद में उपजिलाधिकारी आर.डी.राम, पुलिस क्षेत्राधिकारी रचना मिश्रा, सदर थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए और वह आंदोलनकारियों से अनुनय-विनय में जुट गए। घंटे भर तक दोनों के बीच मान-मनौव्वल चलता रहा, मगर बात न बनी। अंत में पुलिस क्षेत्राधिकारी ने उनसे 24 घंटे का समय मांगा। उन्होंने कहा कि इस अवधि में उन्हें सकारात्मक परिणाम दिया जाएगा। घटना की जांच कराई जाएगी और दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। हालांकि मोहाना थानाध्यक्ष आनंद गुप्ता का कहना है कि मारपीट की बात पूरी तरह से झूठी है। राहुल कन्नौजिया ने स्वयं पुलिस कर्मियों संग अभद्रता की थी। यह और बात है कि इसकी कोई लिखा-पढ़ी नहीं की गई। जाम लगाने वालों में सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन के महामंत्री राधेश्याम मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सगुण चन्द्र श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष गोपाल मिश्र, रामसूरत यादव, अनिल कुमार विश्वकर्मा, संयुक्त मंत्री राजेश कुमार मिश्र, संतोष कुमार मिश्र, कैलाश नाथ गिरी, कोषाध्यक्ष सिद्धनाथ पाण्डेय सहित रूप नारायण पाण्डेय, उमेश तिवारी, सैयद मंजर अब्बास रिजवी, योगेन्द्र मणि त्रिपाठी, बालकृष्ण शुक्ला, प्रमोद कुमार दूबे, सूर्य नारायण सिंह, नारद मुनि पाण्डेय, राजेन्द्र लाल श्रीवास्तव, रामेश्वर पाण्डेय, नील कमल यादव आदि उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी