सीओ के उत्पीड़न से त्रस्त व्यापारी ने खाया जहर
सूदखोर और सीओ शामली पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक व्यापारी ने सीओ कार्यालय परिसर में कीटनाशक निगल लिया।
शामली, जागरण टीम। सूदखोर और सीओ शामली पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक व्यापारी ने सीओ कार्यालय परिसर में कीटनाशक निगल लिया।
नगर की बड़ी पंजाबी कालोनी निवासी संजय पुत्र दर्शन लाल सब्जी व्यापारी ने नगर की आर्यपुरी कालोनी निवासी अशोक बजाज से ढाई से तीन फीसद ब्याज की दर से लाखों रुपये लिए थे। रकम समय समय पर चुकायी जाती रही। पिछले एक साल से संजय पर साढ़े सोलह लाख रुपये बकाया बताए जा रहे थे। संजय का कहना है कि यह रकम उसके दोस्त कपड़ा व्यापारी राजू ने भुगतान करना स्वीकार कर मामला शांत कराया था। बावजूद इसके सूदखोर अशोक रकम के लिए संजय पर दबाव बना रहा था। बताया कि भाई हन्नी के बीमार होने के कारण संजय परेशान था। पूर्व में उसने अपनी दुकान बेचकर सूदखोर की रकम चुकाई थी। संजय की पत्नी पूजा ने बताया कि लगभग डेढ़ माह पहले आरोपित अशोक बजाज ने झूठी मारपीट व लेनदेन विवाद की एक शिकायत सीओ कार्यालय में दी थी। तब से आठ बार सीओ ने उनके पति को अपने कार्यालय में बुलाया। शुक्रवार को फिर बाबू ने फोन किया। वह दोपहर में अपने पति संजय, राजू, उनकी पत्नी अलका के साथ सीओ कार्यालय पहुंची थी। पीड़ित संजय ने बताया कि सीओ ने उन्हें अंदर कार्यालय में बुलाया। उनके साथ गाली-गलौज की। मारपीट की और पैसे नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी व चांटे मारने को कहा। उन्होंने कुछ रिकार्डिंग सुनानी चाही तो सीओ ने एक न सुनी और तत्काल पैसे लौटाने की बात कहते हुए बाहर भेज दिया गया। सूदखोर से तो वह परेशान थे ही, साथ ही सीओ से भी परेशान है। डिप्रेशन के चलते उन्होंने कीटनाशक खा लिया। संजय की हालत बिगड़ती देखकर स्वजन उन्हें शामली सीएचसी ले गए। डाक्टरों ने संजय को रेफर कर दिया। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना से क्षुब्ध स्वजन ने देर शाम पंजाबी कालोनी के बाहर जाम लगा दिया। उन्होंने सीओ को हटाने की मांग की। एएसपी ओपी सिंह ने पहुंच कर स्वजन को समझाया था।
इन्होंने कहा-
लेनदेन विवाद में आइजीआरएस की शिकायत पर दोनों पक्षों को जानकारी करने के लिए बुलाया था। उन्हें अपने बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया तो कार्यालय परिसर के बाहर दोनों में कहासुनी हो गई। बाद में संजय ने साथ लाया कीटनाशक खा लिया।
-प्रदीप सिंह, सीओ सिटी।