एंबुलेंस से शराब ले जाते हरियाणा के पांच तस्कर गिरफ्तार

एंबुलेंस से शराब लेकर बिहार जा रहे पांच तस्करों को गुरुवार सुबह एसओजी व सदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 71 पेटी अंग्रेजी शराब फर्जी बार कोड तमंचा आदि बरामद हुए हैं। पकड़े गए तस्कर हरियाणा के सोनीपत और पानीपत के रहने वाले हैं

By JagranEdited By: Publish:Fri, 06 Aug 2021 12:43 AM (IST) Updated:Fri, 06 Aug 2021 12:43 AM (IST)
एंबुलेंस से शराब ले जाते हरियाणा के पांच तस्कर गिरफ्तार
एंबुलेंस से शराब ले जाते हरियाणा के पांच तस्कर गिरफ्तार

जेएनएन, शाहजहांपुर : एंबुलेंस से शराब लेकर बिहार जा रहे पांच तस्करों को गुरुवार सुबह एसओजी व सदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 71 पेटी अंग्रेजी शराब, फर्जी बार कोड, तमंचा आदि बरामद हुए हैं। पकड़े गए तस्कर हरियाणा के सोनीपत और पानीपत के रहने वाले हैं। हरियाणा से बिहार के लिए अंग्रेजी शराब की अवैध तरीके से काफी समय से तस्करी हो रही है। गुरुवार सुबह एसओजी प्रभारी रोहित सिंह को सूचना मिली कि एक एंबुलेंस से शराब को बिहार ले जाया जा रहा है। उन्होंने एसपी एस आनंद को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह सदर पुलिस के साथ निगोही पुवायां बाईपास के पास पहुंचे। पुलिस ने एक एंबुलेंस को रोक लिया। जिस पर पूर्वांचल की नंबर प्लेट लगी थी। शक होने पर एंबुलेंस के पीछे चल रही बोलेरो को भी रोक लिया। तलाशी लेने पर एंबुलेंस में 61 व बोलेरो में नौ पेटी शराब बरामद की। जिसमें 800 शराब से भरे क्वार्टर, 338 बार कोड मिले। पूछताछ में आरोपितों ने खुद को हरियाणा के सोनीपत जिले के सदर थाना क्षेत्र के भदाना गांव निवासी सतीश कुमार, दिनेश कुमार, राजपुर गांव निवासी विक्रम, पानीपत जिले के थाना माइल टाउन के हरिनगर कालोनी निवासी बलवान व सोनीपत जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र के रवांडा मुहल्ला निवासी दुवीर बताया। तस्करों ने पुलिस को बताया कि एंबुलेंस से टोल टैक्स नहीं देना पड़ता है। इसके अलावा पुलिस को भी किसी तरह का शक नहीं होता है। फर्जी है नंबर प्लेट

एंबुलेंस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पूछताछ करने पर पता चला कि हर जिले में नंबर प्लेट बदल देते थे। पुलिस ने जब चेचिस से पता किया तो वह किसी बस का निकला। ऐसे में पुलिस उसकी भी जांच पड़ताल कर रही है। पकड़े गए लोग अवैध तरीके से शराब की तस्करी करते है। पहले भी कई बार यह शराब बिहार पहुंचा चुके हैं। इनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

एस आनंद, एसपी

chat bot
आपका साथी