संतकबीर नगर में मूर्ति विसर्जन कर वापस लौट रही ट्रैक्टर- ट्राली पलटी, 11 लोग घायल

शासन के निर्देश के बावजूद ट्रैक्टर- ट्राली से सवारी रोक पाने में पुलिस प्रशासन नाकाम साबित हो रही है। इसका नतीजा है कि लोग हादसे के शिकार हो रहे हैं। मूर्ति विसर्जन के बाद ज्यादातर स्थानों पर लोग ट्रैक्टर-ट्राली की सवारी करते दिख रहे हैं।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Thu, 06 Oct 2022 01:11 PM (IST) Updated:Thu, 06 Oct 2022 01:11 PM (IST)
संतकबीर नगर में मूर्ति विसर्जन कर वापस लौट रही ट्रैक्टर- ट्राली पलटी, 11 लोग घायल
संतकबीर नगर में मूर्ति विसर्जन कर वापस लौट रही ट्रैक्टर- ट्राली पलटी। -जागरण

संतकबीर नगर, जागरण संवाददाता। संतकबीर नगर जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के झुड़ियां पुल से मूर्ति विसर्जन करके वापस जा रही ट्रैक्टर- ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में 11 लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने सात लोगों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना होने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

यह है मामला

बुधवार की शाम छह बजे बेलहर थाना के लोहरसन निवासी शिवधाम पुत्र रामजी 12 वर्ष, राम सागर प्रजापति पुत्र दीपचंद 18 वर्ष, गोरखनाथ पुत्र रामप्रकाश 36 वर्ष, राकेश पुत्र ठाकुर उम्र 12 वर्ष, मंगरू प्रजापति पुत्र स्वर्गीय कोमल 32 वर्ष, हरीलाल पुत्र कमलनाथ 40 वर्ष, गोपी पुत्र भागी 22 वर्ष, चंदन पुत्र राकेश 15 वर्ष, चौधरी प्रजापति पुत्र बहरैची 35 वर्ष, मनदीप पुत्र राधेश्याम 12वर्ष, मनोज पुत्र बाबूलाल 18 वर्ष झुडिया पुल से मूर्ति विसर्जन कर वापस लोहरसन लौट रहे थे। तभी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पुल के पास ही पलट गई। जिससे सभी सवार घालय हो गए।

मौके पर मची अफरा-तफरी

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बेलहर एसओ अमित कुशवाहा मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने सात लोगों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दो दिन पूर्व इसी स्थान पर एक ही परिवार के तीन लोगों की हादसे में मौत हो गई थी। इस घटना से लोगों में भय का माहौल है।

नहीं रुक रहा ट्रैक्टर ट्राली पर सवारी, हादसे को दावत

बीते चार दिन पूर्व लखनऊ कानपुर हाईवे पर हुए हादसे में दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रैक्टर ट्राली पर सवारी को लेकर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किया था। मुख्यमंत्री ने लोगों से अनुरोध करते हुए ट्रैक्टर ट्राली पर सवारी नहीं करनी की बात कही थी। इसके साथ ही पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ाई से इसका अनुपालन कराने को लेकर निर्देश दिया था। उसके बावजूद मूर्ति विसर्जन के दौरान सारे निर्देश बेअसर साबित हुए। जिसकी परिणति झुड़िया पुल के पास घटना के रूप में सामने आई। इससे पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल है।

क्या कहती है पुलिस

थानाध्यक्ष बेलहर अमित कुशवाहा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पूरे मामले पर पुलिस की नजर है। सीओ मेंहदावल राजीव यादव ने बताया कि सख्ती के बावजूद भी लोग कैसे ट्रैक्टर ट्राली से सवारी कर रहे थे इसकी जांच कराई जाएगी। जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी।
chat bot
आपका साथी