शिवालिक में जंगलराज रोकने को लखनऊ तक गंभीर

बेहट (सहारनपुर) : शिवालिक वन प्रभाग में जंगलराज पर लगाम लगाने के लिए महकमे की फौज में इजाफा कर दिया

By Edited By: Publish:Sun, 28 Aug 2016 10:09 PM (IST) Updated:Sun, 28 Aug 2016 10:09 PM (IST)
शिवालिक में जंगलराज रोकने को लखनऊ तक गंभीर

बेहट (सहारनपुर) : शिवालिक वन प्रभाग में जंगलराज पर लगाम लगाने के लिए महकमे की फौज में इजाफा कर दिया गया है। इस प्रभाग में अब तक तैनात 30 वन रक्षकों की संख्या बढ़ाकर 45 कर दी गई है और एक अतिरिक्त वन दरोगा भी तैनात कर दिया गया है। यही नहीं सामाजिक वानिकी प्रभाग के एसडीओ से लेकर वन रक्षक तक की डयूटी लगाई गई है। 31 अगस्त को शाकंभरी रेंज में हरियाणा व यूपी के वन विभाग के अधिकारियों की समन्वय बैठक भी आयोजित की जा रही है।

वन संरक्षक सहारनपुर आरके पांडेय ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन की सुरक्षा के लिए विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को पुर्न गठित करने के साथ ही सामूहिक व्यवस्था लागू की जा रही है। जिसमें सबसे ज्यादा जोर अब गश्त पर रहेगा। शिवालिक के जंगल में गश्त के लिए इस वन प्रभाग के साथ ही सामाजिक वन प्रभाग की बेहट व नकुड़ रेंज के स्टाफ को भी लगाया गया है। सामाजिक वानिकी के एसडीओ भी एक दिन गश्त पर रहेंगे। इस व्यवस्था को डीएफओ शिवालिक के नियंत्रण में रखा गया है। बड़कला से मोहंड तक सामूहिक गश्त की व्यवस्था भी लागू की जा रही है। स्टाफ के खानपान की व्यवस्था को मोहंड को मुख्य केन्द्र बनाया जा रहा है। शिवालिक वन प्रभाग में वन रक्षकों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रमुख वन संरक्षक को पिछले दिनों प्रस्ताव भेजा गया था। जिसे स्थानीय स्तर से व्यवस्थित करने की स्वीकृति मिल गई है। जिसके क्रम में अब यहां वन रक्षकों की संख्या 30 से बढ़ाकर 45 कर दी गई है। जिसमें 5 वन रक्षक मुजफ्फरनगर वन प्रभाग और 10 सामाजिक वानिकी से स्थानांतरण कर दिये गये हैं। साथ ही इस वन प्रभाग में वन रक्षकों की बीट भी छोटी की जा रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्र में भी खैर तस्करों ने व्यापक पैमाने पर अवैध कटान कर रखा है। इसके लिए दोनों प्रदेशों के सीमावर्ती स्टाफ में समन्वय स्थापित करने के लिए 31 अगस्त को शाकंभरी रेंज कार्यालय परिसर में संयुक्त बैठक करने का निर्णय लिया जा चुका है। जिसमें वन तस्करों के खिलाफ संयुक्त रणनीति तैयार की जाएगी। जंगलों को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों पर गैंगस्टर, गुंडा एक्ट तथा वाहनों के अधिग्रहण की कार्रवाई को प्रभावी ढंग से लागू करने के आदेश दे दिये गये है।

लापरवाही पर अब होगी बर्खास्तगी

बेहट : वन संरक्षक ने बताया कि अवैध कटान के इस धंधे को रोकने के लिए विभागीय स्टाफ की कार्यप्रणाली की भी बारीकी से समीक्षा की जा रही है। जिन वनकर्मियों की कहीं भी मिलीभगत अथवा डयूटी के प्रति लापरवाही पाई जायेगी तो उनके खिलाफ निलंबन ही नहीं बर्खास्तगी की कार्यवाई की जायेगी। अभी हाल ही में शामली वन प्रभाग में एक वन दरोगा एवं एक वन रक्षक को निलंबित कर दिया गया। ऐसी ही कार्रवाई अब शिवालिक वन प्रभाग में भी की जाएगी।

chat bot
आपका साथी