दहेज के लिए मां-बेटी को जलाकर मार डाला

टांडा थाना क्षेत्र की घटना पुलिस ने मृतका के पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा

By JagranEdited By: Publish:Wed, 18 Sep 2019 11:54 PM (IST) Updated:Thu, 19 Sep 2019 06:26 AM (IST)
दहेज के लिए मां-बेटी को जलाकर मार डाला
दहेज के लिए मां-बेटी को जलाकर मार डाला

जागरण संवाददाता, टांडा : दहेज की खातिर महिला को उसकी तीन माह की बच्ची के साथ जलाकर मार डाला। पुलिस ने मृतका के पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

घटना टांडा थाना क्षेत्र की है। यहां के मुहल्ला हाजीपुर में बुधवार सुबह नौ बजे पड़ोसियों ने अब्दुल वाहिद के घर से धुंआ उठता देखा। पड़ोसी उनके घर पहुंचे तो वहां कोई नहीं था। धुआं एक कमरे से निकल रहा था। लोगों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। लोगों ने अनहोनी की आशंका के चलते दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का नजारा देख सभी की चीख निकल गई। वहां फर्श पर महिला जली हुई पड़ी थी, जबकि बेड पर उसकी तीन माह की बच्ची अधजली अवस्था में पड़ी थी। महिला मर चुकी थी, जबकि बच्ची की सांस चल रही थी। लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान बच्ची की भी मौत हो गई।

सूचना पर मृतका के मायके से परिजन आ गए। उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पहुंचकर दोनों के शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए मां-बेटी की जलाकर हत्या का आरोप लगाया।

मृतका का मायका इसी थाना क्षेत्र के समनदीन मुहल्ले का है। मृतका के भाई जाहिद अली ने बताया कि उसकी बहन शबनम की शादी चार साल पहले 14 अगस्त 2015 को मुहल्ला हाजीपुरा के मोहम्मद कासिम से हुई थी। शादी में हैसियत के मुताबिक दान-दहेज दिया गया। आरोप है कि बहन के ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं थे। वे दहेज में दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न करने पर बहन को प्रताड़ित करते थे। तीन माह पूर्व उसकी बहन ने बेटी को जन्म दिया। तब मायके की ओर से छौछक की रस्म के तौर पर एक लाख रुपये का सामान दिया गया। इसके बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए। वे बहन को प्रताड़ित करने लगे। उसकी बहन 10 दिन के लिए मायके आई थी।

मंगलवार शाम ही वह ससुराल गई थी। मायके आने पर उसने ससुरालियों के उत्पीड़न की जानकारी दी। उसने यहां तक कहा कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराली उसे जान से मार देंगे। इस पर बहन को विदा करते समय एक लाख रुपये देकर भेजा था। इसके बाद भी ससुरालियों ने बहन और उसकी तीन माह की बच्ची पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा दी। इससे दोनों की मौत हो गई।

टांडा कोतवाल दुर्गा सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की ओर से उसके पति मोहम्मद कासिम, ससुर अब्दुल वाहिद ठेकेदार, जेठ आबिद अली, जेठानी फाईमा, जेठ जाकिर उर्फ बाबू, जेठानी हमीदा व सास अनीसा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ स्वार मुकदमे की जांच करेंगे।

chat bot
आपका साथी