अफसरों ने किया मदरसों का औचक निरीक्षण

अफसरों ने किया मदरसों का औचक निरीक्षण अफसरों ने किया मदरसों का औचक निरीक्षण

By JagranEdited By: Publish:Sun, 03 Nov 2019 10:38 PM (IST) Updated:Sun, 03 Nov 2019 10:38 PM (IST)
अफसरों ने किया मदरसों का औचक निरीक्षण
अफसरों ने किया मदरसों का औचक निरीक्षण

जागरण संवाददाता, रामपुर : जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह के निर्देश पर अधिकारियों ने जिले भर में मदरसों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां पर बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान बच्चों को बेहतर माहौल देने तथा सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

नगर में निरीक्षण की कमान जिलाधिकारी ने स्वयं संभाली। उन्होंने मदरसा फुरकानिया व मदरसा जमीअतुल अंसार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से गिनती, पहाड़े सुने तथा किताबें भी पढ़वा कर देखीं। मदरसा फुरकानिया में कक्षा दो के बच्चों से उन्होंने कई प्रश्न पूछे। सही जवाब न दे पाने पर उन्होंने स्वयं अध्यापक की भांति अत्यंत सहज ढंग से ब्लैकबोर्ड पर सवालों को हल करने के तरीके समझाए। मदरसा जमीअतुल अंसार में बच्चों को प्रदान की जा रही कंप्यूटर शिक्षा की सराहना की। कहा कि इस प्रकार बच्चों में अत्मनिर्भरता का विकास होता है। उन्होंने बच्चों को धार्मिक शिक्षा के साथ ही आधुनिक व रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। कहा कि इससे वे भविष्य में रोजगार के विभिन्न क्षेत्रों के साथ जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे। इस दौरान उन्होंने परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था भी देखी। कहा कि पढ़ाई के साथ ही बच्चों को स्वच्छ माहौल भी प्रदान किया जाए। उधर जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रामभरत तिवारी व अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदंबा प्रसाद गुप्ता सहित समस्त उपजिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा जनपद के समस्त मदरसों का औचक निरीक्षण किया गया। नगर में निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद खालिद उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी