मनरेगा में रामपुर को दिलाया पहला स्थान, आज मिलेगा सम्मान

जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिलने पर उपायाक्त प्रभु दयाल उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह में होंगे सम्मानित

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Jan 2020 11:24 PM (IST) Updated:Fri, 24 Jan 2020 06:11 AM (IST)
मनरेगा में रामपुर को दिलाया पहला स्थान, आज मिलेगा सम्मान
मनरेगा में रामपुर को दिलाया पहला स्थान, आज मिलेगा सम्मान

जागरण संवाददाता, रामपुर: जिले को मनरेगा में प्रदेश में पहला स्थान मिला है। इसके लिए मनरेगा के उपायुक्त प्रभु दयाल को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दूसरे अफसरों, प्रधानों और किसानों को भी सम्मान मिलेगा। इसके लिए शुक्रवार को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर भारत गार्डन में भव्य कार्यक्रम होगा, जिसमें प्रदेश कानून मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ब्रजेश पाठक भी शामिल होंगे। मनरेगा उपायुक्त प्रभु दयाल ने बताया कि रामपुर ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान पाया है। जिले में चालू वित्त वर्ष में 50 करोड़ 51 लाख रुपये का बजट निर्धारित है, लेकिन जिले में दिसंबर 2019 तक ही 64 करोड़ 91 लाख के काम करा दिए गए। इसी तरह जिले में 18.85 लाख मानव दिवस सृजन का लक्ष्य है। लेकिन, दिसंबर तक ही 21.21 लाख मानव दिवस सृजित किए गए। जिले में 51092 परिवारों को रोजगार मुहैया कराया गया। उन्होने बताया कि मनरेगा में अच्छा कार्य करने के लिए उन्हें सम्मानित किया जा रहा है। इसके अलावा स्वार के एपीओ मोहम्मद आसिफ और कम्पयूटर आपरेटर दानिश किरमानी को भी सम्मानित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी शिवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होंगे। शासन द्वारा नामित जनपद के नोडल अधिकारी विकास गोठलवाल भी कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों की उपलब्धियों एवं परियोजनाओं की सफलता एवं क्रियान्वयन के सम्बन्ध में जनपद के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर 100 होर्डिग्स स्थापित कराए जाएंगे, जिससे आमजन सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूक हो तथा पात्रता के आधार पर उन योजनाओं से अधिक से अधिक लाभान्वित हो सकें। इसके अलावा कृषि, मनरेगा, रोजगार एवं सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सरकारी कार्मिकों व अन्य लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं से सम्बन्धित स्टॉल लगाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।

chat bot
आपका साथी