छठ पूजा पर डूबते हुए सूर्य देव को महिलाओं ने दिया अ‌र्घ्य

रामपुर : पुत्रों की लम्बी आयु व खुशहाली के लिए मनाए जाने वाले छठ पर्व के तीसरे दिन मंगलवार

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Nov 2018 10:20 PM (IST) Updated:Tue, 13 Nov 2018 10:20 PM (IST)
छठ पूजा पर डूबते हुए सूर्य देव को महिलाओं ने दिया अ‌र्घ्य
छठ पूजा पर डूबते हुए सूर्य देव को महिलाओं ने दिया अ‌र्घ्य

रामपुर : पुत्रों की लम्बी आयु व खुशहाली के लिए मनाए जाने वाले छठ पर्व के तीसरे दिन मंगलवार को शहर में काफी हर्षोल्लास का माहौल रहा। शाम के समय छठ पूजा स्थलों पर महिलाओं ने विधि-विधान के साथ छठ मइया की पूजा-अर्चना की। यहां पर बने कृत्रिम घाट के पानी में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य देव को अ‌र्घ्य दिया।

इससे पूर्व लोगों ने बाजार में जाकर छठ पूजा के लिए पूजन सामग्री, मौसमी सब्जी, फल आदि की जमकर खरीदारी की। छठ पर्व पर महिलाएं पुत्रों की लम्बी आयु व खुशहाली के लिए सूर्य की उपासना करती हैं। यह पर्व चार दिनों तक चलता है, जिसकी शुरुआत रविवार को नाहय खाय के साथ हुई थी, सोमवार को खरना मनाया गया, जिसमें महिलाओं ने गन्ने के रस की खीर, गेहूं के आटे की रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके उपरांत 36 घंटे के लिए महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा।

छठ पूजा के तीसरे दिन मंगलवार को पूजा के सभी सामान की तैयारी पूरी करने के बाद शाम को छठ मइया के पूजन के लिए महिलाओं ने नए वस्त्र धारण किए और पूजा स्थलों पर एकत्र हुईं। यहां पर महिलाओं ने छठ मइया के लोकगीत गाए और विधि-विधान से पूजन किया। छठ पूजा स्थलों पर कृत्रिम घाट बने थे, जिसके अंदर पानी में खड़े होकर महिलाओं ने डूबते हुए सूर्य को अ‌र्घ्य दिया। बुधवार को सुबह उगते सूर्य देव का अ‌र्घ्य देने के बाद महिलाएं उपवास खोलेंगी। कई स्थानों पर हुई छठ पूजा रामपुर : शहर में छठ पर्व काफी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इसके लिए शहर में जगह-जगह छठ पूजा स्थल बने हैं, जिनपर मंगलवार को लोगों की भीड़ रही। इनमें ज्वालानगर में शाहबाद रोड स्थित कृष्णा मंदिर, रजा टेक्सटाइल पुरानी कालोनी, आगापुर रोड स्थित राम मनोहर लोहिया पार्क आदि स्थानों पर छठ पूजा स्थल बने हैं। इन स्थानों को लोग कई दिनों से साफ-सफाई कर फूलों और बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से सजाने में लगे थे। यहां पर पानी में खड़े होकर सूर्य देव को अ‌र्घ्य देने के लिए कृत्रिम तालाबों में पानी भरा गया। ज्वालानगर में जगह-जगह लाउडस्पीकर लगाए गए, जिन पर पूरे दिन छठ मइया के लोकगीत सुनाई दिए। शाम को लोग बैंडबाजे के साथ सिर पर टोकरी में पूजन सामाग्री लेकर पहुंचे तो पूजा स्थलों पर काफी रौनक हो गई। पूजन सामग्री की खरीदारी के चलते बाजारों में उमड़ी भीड़ रामपुर : शहर में छठ पूजा की तैयारियों के चलते मंगलवार को पूरे दिन बाजारों में भीड़ रही। इस दौरान लोगों ने जमकर पूजन में प्रयोग होने वाले जरूरी सामान की जमकर खरीदारी की।

छठ मईया के पूजन के लिए मौसम में चलने वाले सब्जी, फल, गन्ना आदि से पूजन किया जाता है, जिसके चलते बाजारों में फलों और सब्जियों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने छाज, डलिया, नारियल, गन्ना, केला, सेब, संतरा, अमरुद, मूली, पान के पत्ते, मिस्त्री, सूखा मेवा आदि की खरीदारी की। इससे बाजारों में पूरे दिन रौनक रही। रोशनी से जगमगा उठे पूजा स्थल रामपुर : शहर में छठ पर्व धूमधाम से मनाया जाता है, जिसकी तैयारियों में लोग कई दिनों पहले से ही जुटे थे। इसके लिए छठ पूजा स्थलों की साफ-सफाई की गई। कृत्रिम तालाबों में पानी भरा गया। इसके अलावा इन स्थानों को फूलों और बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। शहर में ज्वालानगर में शाहबाद रोड स्थित कृष्णा मंदिर, रजा टेक्सटाइल पुरानी कालोनी, आगापुर रोड स्थित राम मनोहर लोहिया पार्क पर बने पूजा स्थलों पर सजावट की गई। इसके अलावा ज्वालानगर में राम-रहीम पुल से लेकर कृष्णा मंदिर तक और आगापुर रोड को भी बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से काफी खूबसूरत ढंग से सजाया गया। शाम होते ही छठ मइया के पूजा स्थल और इनको जाने वाले मार्ग रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे।

chat bot
आपका साथी