संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव

फोरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाकर मामले की जांच की गई

By JagranEdited By: Publish:Fri, 12 Feb 2021 12:55 AM (IST) Updated:Fri, 12 Feb 2021 12:55 AM (IST)
संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव

रायबरेली : हमीर गांव में गुरुवार की दोपहर विवाहिता का शव उसी के कमरे में दुपट्टे के सहारे छत की कुंडे से लटका मिला। संदिग्ध हालात में महिला की मौत होने की सूचना पर सीओ भी मौके पर पहुंचे।फॉरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया गया। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

उक्त गांव निवासी सैयद अली की शादी उन्नाव जिले के बिहार थाने के सवाइनगंज गांव की शबनूर से अप्रैल 2019 में हुई थी। उसको एक बेटा हुआ था, लेकिन जन्म के 14 दिन बाद ही उसकी मौत हो गई थी। गुरुवार को उसने परिवारीजनों को चाय बनाकर दी, जिसके बाद पति खेत चला गया। वृद्ध सास शाबिरा और ससुर अब्दुल दरवाजे पर चारपाई डालकर बैठ गए और शबनूर कमरे में चली गई। दोपहर में जब सैयद खेत से घर लौटा तो देखा की पत्नी का शव दुपट्टे के सहारे लटक रहा है। उसने आस पड़ोस के लोगों को बुलाकर शव नीचे उतारा। पुलिस को सूचना दी गई। मायकेवाले भी उन्नाव से आ गए। मृतका का भाई मुंबई में रहता है, उसने फोन पर कहा कि मेरे आने के बाद ही शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाए। इसलिए शव अभी घर पर ही रखा है। सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. प्रतिभा त्रिपाठी को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि महिला ने आत्महत्या की है, अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। सूरत में मिली लापता छात्राओं की लोकेशन

ऊंचाहार : सांवापुर नेवादा गांव से कॉलेज जाने के लिए निकलीं दो छात्राओं के लापता होने के बाद गुरुवार को उनके मोबाइल की लोकेशन पुलिस को मिली है। कोतवाली से एक टीम दोनों को खोजने के लिए गुजरात के सूरत शहर भेजी गई है।

सांवापुर नेवादा गांव की 11वीं और नौवीं कक्षा की छात्राओं में मेलजोल है। दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ती हैं। दोनों स्कूल बैग लेकर घर से निकलीं, लेकिन कॉलेज नहीं पहुंचीं। ये बात देरशाम स्वजनों को पता चली, जिसके बाद उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने दोनों के मोबाइल नंबर सर्विलांस में लगा दिए। उनकी लोकेशन सूरत में मिली है। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सूरत में एक नंबर से छात्राओं के मोबाइल पर बातचीत की डिटेल भी मिली है। उसी आधार पर पुलिस टीम भेजी गई है, जल्द ही दोनों को सकुशल घर वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है।

घर लौट आया संजीव

महराजगंज : पूरे सुखई मजरे अतरेहटा गांव का 13 वर्षीय संजीव 19 जनवरी को लापता हो गया था। गुरुवार को वह घर लौट आया। बताया कि मां की डांट से नाराज होकर वह लखनऊ चला गया था। 24 दिनों तक वह वहीं रहा। बच्चे के सकुशल लौटने पर परिवारीजनों में खुशी का माहौल है।

chat bot
आपका साथी