दो घरों से 2.24 लाख नकद, आठ लाख के जेवरात चोरी

एक घर में महिला की नींद खुली तो चोर ने डंडा दिखाकर धमकाया

By JagranEdited By: Publish:Mon, 04 Jul 2022 12:35 AM (IST) Updated:Mon, 04 Jul 2022 12:35 AM (IST)
दो घरों से 2.24 लाख नकद, आठ लाख के जेवरात चोरी
दो घरों से 2.24 लाख नकद, आठ लाख के जेवरात चोरी

रायबरेली: सरेनी के रामपुर कला गांव के मजरा पूरे सुब्बा और बड़ा ताला में शनिवार की रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया और लाखों का सामान लेकर चंपत हो गए।

पूरे सुब्बा निवासी सुरेश बहादुर सिंह रात में दरवाजे चारपाई पर सो रहे थे। घर के एक कमरे में परिवारीजन सोए थे। रात में चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और दो लाख रुपये और करीब पांच लाख के जेवरात समेट ले गए। पड़ोस के गांव बड़ा ताला में चोरों ने महेंद्र सिंह के घर को निशाना बनाया। इनके यहां भी चोर छत के रास्ते आंगन में पहुंचे और चोरी करने लगे। इसी बीच घर में सो रही महेंद्र के छोटे भाई की पत्नी वंदना सिंह की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाने की कोशिश की तो एक चोर डंडा लेकर उनके पास खड़ा हो गया और चीखने चिल्लाने की कोशिश करने पर जान से मारने की धमकी दी। वह डर कर चुप बैठी रहीं। चोरों ने उनके घर से 24 हजार रुपये और करीब तीन लाख के जेवरात पार कर दिए। चोर जब घर से चले गए, तब वंदना ने घरवालों को पूरी बात बताई। चोरी की सूचना से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। चोरों का पीछा किया गया, लेकिन वे तब तक काफी दूर जा चुके थे। दोनों मामलों में थाने में तहरीर दी गई है।

थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं। चोर वारदात को अंजाम देकर आराम से निकल जा रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। इन चोरियों का खुलासा न होने से ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। थानाध्यक्ष हरिकेश सिंह ने बताया कि दो चोरियों की सूचना मिली है, जल्द ही इनका राजफाश किया जाएगा। बदमाश गांजा के साथ गिरफ्तार

रायबरेली: सलोन पुलिस ने रविवार की सुबह टाप-10 बदमाश को गांजे के साथ गिरफ्तार कर लिया। एक और युवक को भी नशीले पदार्थ के साथ पकड़ा गया है।

कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि घोसी का पुरवा मजरे आशिकाबाद निवासी नफीस घोसी कोतवाली का टाप-10 बदमाश है। उसे घोसी का पुरवा मोड़ के पास से 1200 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा गया है। इसके अलावा रानी का पुरवा मजरे किठावां निवासी नरेंद्र पटेल को 1100 ग्राम के साथ गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया है।

chat bot
आपका साथी