Pratapgarh: कोर्ट में आरोपी पर दुष्कर्म पीड़िता के भाई ने किया चाकू से हमला, लोगों की मदद से दबोचा गया हमलावर

पेशी पर लाए गए दुष्कर्म के आरोपी पर पुलिस हिरासत में पीड़ित किशोरी के भाई ने चाकू से हमला कर दिया। कंधे पर चाकू लगने से आरोपी घायल हो गया। यह घटना सोमवार को कोर्ट के बाहर सीढ़ियों पर सुबह करीब पौने 10 बजे हुई।

By rajan shuklaEdited By: Publish:Mon, 22 May 2023 06:10 PM (IST) Updated:Mon, 22 May 2023 06:10 PM (IST)
Pratapgarh: कोर्ट में आरोपी पर दुष्कर्म पीड़िता के भाई ने किया चाकू से हमला, लोगों की मदद से दबोचा गया हमलावर
आरोपित पर हमले के बाद जांच को सेशन लाकअप के पास पहुंचे पुलिस अधिकारी। जागरण

प्रतापगढ़, जागरण संवाददाता: पेशी पर लाए गए दुष्कर्म के आरोपी पर पुलिस हिरासत में पीड़ित किशोरी के भाई ने चाकू से हमला कर दिया। कंधे पर चाकू लगने से आरोपी घायल हो गया। यह घटना सोमवार को कोर्ट के बाहर सीढ़ियों पर सुबह करीब पौने 10 बजे हुई। हमलावर को पुलिस और आम लोगों ने पकड़ लिया। इससे घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई।

कटरा रोड पर सरोज चौराहे के पास स्थित कांशीराम कालोनी में रहने वाला 35 वर्षीय अटल बिहारी पटेल पुत्र राधेश्याम दो साल से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद है। उसके खिलाफ शहर की एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का केस जून 2020 में पीड़िता की मां ने दर्ज कराया था। इस मामले में विचाराधीन बंदी की पेशी सोमवार को थी। उसकी पेशी हुई और पांच जून को अगली तारीख लगी। 

इसके बाद पुलिस उसे लेकर कोर्ट की सीढ़ियों से उतरने लगी। इसी बीच भीड़ में शामिल पीड़िता के भाई ने बहन के साथ हुए कुकृत्य से आवेश में आकर उसका मुंह दबाकर चाकू से हमला किया। चाकू का वार खुद आरोपित अटल बिहारी ने रोक लिया, जिससे चाकू गले पर न लगकर उसके कंधे पर लगा। 

इसके बाद हमलावर भागने लगा तो बंदी को लेकर आई पुलिस व वहां रहे लोगों ने उसे पकड़ लिया। तब तक कोतवाली पुलिस पहुंच गई। उसे अपने साथ ले गई। उससे पूछताछ कर रही है। हमला करने वाले ने बताया कि उसका एक सहयोगी भी था। घटना के बाद वह भाग गया। घायल आरोपित बंदी को प्रताप बहादुर अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार हुआ। इधर, पुलिस ने चाकू चलाने वाले युवक पर केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।

अधिकारी बोले…

सीओ सिटी करिश्मा गुप्ता ने बताया कि हमलावर से चाकू बरामद कर लिया गया है। जेल से बंदी को पेशी पर लेकर आए पुलिस कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।

chat bot
आपका साथी