एकता महोत्सव में बही भोजपुरी गीतों की बयार, हास्य कलाकारों ने भी खूब गुदगुदाया

बाबा घुइसरनाथधाम में शुक्रवार की शाम कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समा बांध दिया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 22 Feb 2020 10:21 PM (IST) Updated:Sun, 23 Feb 2020 06:02 AM (IST)
एकता महोत्सव में बही भोजपुरी गीतों की बयार, हास्य कलाकारों ने भी खूब गुदगुदाया
एकता महोत्सव में बही भोजपुरी गीतों की बयार, हास्य कलाकारों ने भी खूब गुदगुदाया

संसू, घुइसरनाथधाम : बाबा घुइसरनाथधाम में शुक्रवार की शाम कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। एकता महोत्सव में भोजपुरी स्टार पूनम दुबे की नृत्यकला के जादू तथा भोजपुरी गीतों पर हर कोई झूम उठा। रीतू सिंह व शुभी शर्मा ने भी नृत्य व गायन से दर्शकों को को बांधे रखा।

लाफ्टर चैलेंज के रजनीश त्रिवेदी तथा सतीश तिवारी ने भी दर्शकों को हंसाकर महोत्सव में अपनी छाप छोड़ी। बताशा गुरु की बेटी बचाओ गीत पर दर्शक झूमते दिखे। रिदम डांस ग्रुप के कार्यक्रमों को भी लोगों ने खूब पसंद किया। इस दौरान भारत माता के जयकारे भी लगे। विधायक आराधना मिश्रा मोना भी वतनपरस्ती के जज्बे को मंच पर सलाम करने से रोक न सकीं।

उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज की प्रीती, अनुज प्रताप सिंह के गीत व सामूहिक नृत्य ने भी जलवा बिखेरा। लखनऊ के पंख एक पहल की प्रस्तुति भी दर्शकों को भाई। संयोजन पा‌र्श्वगायक रवि त्रिपाठी ने किया।

इससे पहले स्थानीय लोकगायक चंचल शुक्ल तथा दीपक मिश्र ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता व विधायक आराधना मिश्रा मोना एवं डा. विजयश्री सोना, एसडीएम बीके प्रसाद ने पूनम दुबे, रीतू सिंह, शुभी शर्मा, दीपक दिलदार व अन्य कलाकारों को संयुक्त रूप से रजत स्मृति चिह्न एवं प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। राष्ट्रीय एकता का मार्ग प्रशस्त करता है महोत्सव

संसू, लालगंज : पौराणिक स्थली बाबा घुइसरनाथधाम में शुक्रवार देर शाम 25वें रजत जयंती राष्ट्रीय एकता महोत्सव का शुभारंभ हुआ। डीएम मार्कंडेय शाही ने पत्नी सरिता शाही एवं पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी व क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया। इसके पहले धाम परिसर स्थित गंगासागर में राष्ट्रीय एकता को प्रवाहमान बनाये रखने के लिए दीपदान किया गया। डीएम ने कहा कि घुइसरनाथ धाम के इस महोत्सव के माध्यम से राष्ट्रीय एकता की मजबूती व सुख शांति का मार्ग प्रशस्त होता है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि भारत सदैव अक्षुण्य रहे और हमारा सामाजिक ढांचा भी समरसता का केंद्र नजर आये, यही इस महोत्सव का संदेश है। एएसपी दिनेश द्विवेदी ने लोगों से शांति व अमन के प्रति संकल्पबद्ध होने का आह्वान किया। अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता क्षेत्रीय विधायक एवं आयोजन समिति की संयोजिका आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि देश की सांस्कृतिक समृद्धि में यह महोत्सव रामपुरखास की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। आयोजन समिति द्वारा डीएम व उनकी पत्नी तथा एएसपी पश्चिमी, एसडीएम लालगंज, तहसीलदार लालगंज, ईओ सुभाषचंद्र सिंह, बीडीओ दिनेश यादव तथा नगर पंचायत लालगंज अध्यक्ष अनीता द्विवेदी को सम्मानित किया गया। प्रोफेसर डा. विजयश्री सोना ने महोत्सव की संकल्पना व एसडीएम बीके प्रसाद ने रूपरेखा रखी। संचालन मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने किया। इस मौके पर सीओ जगमोहन, तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव, ईओ सुभाषचंद्र सिंह, बीडीओ दिनेश यादव, जेई सुभाष शर्मा, सांगीपुर प्रमुख अशोक सिंह बबलू, भगवती प्रसाद तिवारी, लालगंज प्रमुख सुरेंद्र सिंह ददन, नपं प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, दृगपाल यादव, रामकृपाल पासी, डा. अमिताभ शुक्ल, प्रधान आशुतोष मिश्र, प्रदीप मिश्र, दिनेश मिश्र, छोटे लाल सरोज, त्रिभु तिवारी, अंबुज मिश्र आदि मौजूद रहे। महोत्सव दर्पण स्मारिका का विमोचन

संसू, घुइसरनाथधाम : बाबा धाम में देवाधिदेव महादेव श्री घुश्मेश्वर के आध्यात्मिक गौरव तथा बाबा से जुड़ी जनश्रुति एवं धाम के माहात्म्य व पर्यटन विकास से जुड़ी रजत जयंती महोत्सव दर्पण 2020 स्मारिका का डीएम मार्कण्डेय शाही एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने विमोचन किया। इस मौके पर एएसपी दिनेश द्विवेदी, एसडीएम बीके प्रसाद, पा‌र्श्व गायक रवि त्रिपाठी सहित कई अतिथि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी