Pilibhit News: पूरनपुर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू, अधिवक्ता बुलडोजर के आगे बैठे, लगाया पक्षपात का आरोप

पूरनपुर नगर में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान में हंगामा हुआ। नायब तहसीलदार और ईओ से तीखी नोकझोंक हुई। अधिवक्ता ने बुलडोजर के आगे बैठकर अभियान में पक्षपात का आरोप लगाते हुए आत्मदाह की चेतावनी दी इससे खलबली मच गई।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Thu, 25 May 2023 12:09 AM (IST) Updated:Thu, 25 May 2023 12:09 AM (IST)
Pilibhit News: पूरनपुर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू, अधिवक्ता बुलडोजर के आगे बैठे, लगाया पक्षपात का आरोप
पूरनपुर नगर में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान में हंगामा हुआ।

पीलीभीत, जागरण टीम: पूरनपुर नगर में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान में हंगामा हुआ। नायब तहसीलदार और ईओ से तीखी नोकझोंक हुई। अधिवक्ता ने बुलडोजर के आगे बैठकर अभियान में पक्षपात का आरोप लगाते हुए आत्मदाह की चेतावनी दी, इससे खलबली मच गई। लोगों का आक्रोश देख टीम को अभियान रोककर वापस होना पड़ा।

अतिक्रमण को लेकर शासन बेहद गंभीर है। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। यह अभियान 24 से 30 जून तक चलना है। अभियान के तहत बुधवार को नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित, नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी टीम के साथ कोतवाली रोड पर पहुंचे। 

दुकानों के आगे किए गए पक्के चबूतरों को बुलडोजर की मदद से तोड़वाना शुरू कर दिया। कई दुकानों के आगे बने चबूतरों को तोड़कर सड़क के बराबर सीमेंटेड ईंट आदि लगाने के निर्देश दिए। अचानक चले अभियान को लेकर खलबली मच गई। धीरे धीरे कई लोग मौके पर पहुंच गए। 

अधिवक्ता कौशलेन्द्र भदौरिया ने अभियान के तहत अतिक्रमण हटाने में पक्षपात का आरोप लगाया। कुछ प्रभावशाली लोगों को छोड़कर अन्य लोगों के चबूतरे तोड़ने की बात कही। वह बुलडोजर के आगे बैठ गए। पक्षपात पूर्ण अतिक्रमण हटाने पर आत्मदाह करने की चेतवानी दी। 

नायब तहसीदार ने उन्हें समझाकर बुलडोजर के आगे से हटाया। इसके बाद जिन दुकानों के आगे के चबूतरे छोड़ दिए गए थे उन्हें तोड़ा गया। कई अन्य अधिवक्ता और लोग एकत्र हो गए। नायब तहसीलदार और ईओ से लोगों की तीखी नोकझोंक हुई। इसको लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। 

लोगों का कहना था कि अगर अतिक्रमण हटाया जाना था तो उन्हें पहले बताया जाता। वह स्वयं अतिक्रमण हटा लेते। लेकिन अचानक चबूतरों को तोड़ना शुरू कर दिया गया। नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद लोगों ने उनसे शिकायत की। लोगों का आक्रोश देखते हुए अभियान रोक कर अधिकारी वापस हो गए। इसको लेकर काफी देर तक गहमा गहमी का माहौल रहा।

नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित ने कहा कि शासन की मंशा के तहत अभियान चलाया गया था। दुकानों के आगे स्लोप बनाकर चबूतरे का निर्माण कर लिया गया है। बरसात का मौसम है। नालियों की तली झाड़ सफाई नहीं हो पाती। अतिक्रमण से सड़क सकरी होने से जाम लगता है। कुछ लोग अनावश्यक विरोध कर हंगामा कर रहे थे। तीस जून तक का समय है। अतिक्रमण अभियान चलता रहेगा।

chat bot
आपका साथी