महाशिवरात्रि आज, जलाभिषेक को आए कांवड़िए

बम बम भोले जय हो भोले का उद्घोष करते हुए कांवड़ियों के जत्थे गंगाजल लेकर लौटने लगे हैं। आज महाशिवरात्रि को शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 03 Mar 2019 11:46 PM (IST) Updated:Sun, 03 Mar 2019 11:46 PM (IST)
महाशिवरात्रि आज, जलाभिषेक को आए कांवड़िए
महाशिवरात्रि आज, जलाभिषेक को आए कांवड़िए

पीलीभीत : बम बम भोले, जय हो भोले का उद्घोष करते हुए कांवड़ियों के जत्थे गंगाजल लेकर लौटने लगे हैं। पहला जत्था आज दोपहर हरिद्वार से वापस लौटा तो इसमें शामिल सभी भक्तों ने गौरीशंकर मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। यह जत्था महाशिवरात्रि पर अपने गांव के शिवालय में जलाभिषेक करेगा।

नगर समेत पूरे जिले में शिवालयों में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाने की तैयारी है। गजरौला क्षेत्र के गांधीनगर के भक्तों का जत्था कांवड़ लेकर विगत शुक्रवार को हरिद्वार गया था। रविवार को वापस लौटने पर जत्थे में शामिल कांवड़ियों ने यहां रुक कर भगवान गौरीशंकर के दर्शन किए और विधि विधान से पूजा की। इस जत्थे में पांच दर्जन से अधिक कांवड़िये शामिल हैं। सभी ने मंदिर में दर्शन पूजन के उपरांत मंडी समिति परिसर के टिनशेड पर कुछ देर तक विश्राम किया और इसके बाद भोलेनाथ का जाप करते हुए सभी अपने गांव की ओर रवाना हो गए। माला कॉलोनी से हरिद्वार गया जत्था सोमवार को दोपहर तक वापस लौटेगा। गौरीशंकर मंदिर में भक्तों के लिए दर्शन पूजन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से गेट पर ही सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यहां पुरुषों व महिलाओं की अलग-अलग कतार की व्यवस्था कराई जाएगी। एसडीएम और पूर्व पालिकाध्यक्ष ने देखीं व्यवस्थाएं

एसडीएम सदर सौरभ दुबे व नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष विमला जायसवाल के पति प्रभात जायसवाल ने विभिन्न मंदिरों का भ्रमण करके सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। जायसवाल ने बताया कि शिव मंदिरों को जाने वाले मार्गों पर विशेष सफाई कराकर चूना का छिड़काव कराया जा रहा है। साथ ही रास्तों पर खंभों में नई स्ट्रीट लाइटें लगवाई जा रही हैं। जिससे रात के समय मंदिरों में श्रंगार आरती देखने जाने वाले भक्तों को कोई असुविधा न हो।

मंदिरों के आसपास कराई गई सफाई

रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के बावजूद नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों की टीमें पूरे दिन शिव मंदिरों के आसपास सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने में जुटी रहीं। प्रमुख रूप से गौरीशंकर मंदिर, अ‌र्द्ध नारीश्वर शिव मंदिर, दूधियानाथ महादेव मंदिर, सुनगढ़ी थाना चौराहा के निकट स्थित शिवालय आदि के आसपास सफाई कराने के साथ ही चूना का छिड़काव कराया गया।

त्योहार को लेकर महंगे हो गए फल

बीसलपुर: सोमवार को होने वाले महाशिवरात्रि पर्व के लिए शिवालयों में सजावट की गयी है। बाजार में पर्व के लिये फलों के दामों पर महंगाई छायी रही। इस पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपवास रख भगवान शिव की पूजा अर्चना करते है। उपवास रखने वाले श्रद्धालु फल ग्रहण करते है इसीलिए बाजार में 60 से 70 रूपये बिक्री होने वाला सेब 100 रूपये प्रति किलो, अंगूर 60 रुपये के स्थान पर 100 रुपये, पपीता 40 के स्थान पर 80 रुपये प्रति किलो बिक्री हुआ। अनार, संतरा, चीकू, केला समेत अन्य सभी फलों के दामों पर महंगाई छाई रही। प्रसाद के रूप में भगवान भोलेनाथ को बेर अर्पित किए जाते हैं। बेर भी चालीस से पचास रुपये किलो बिकने लगे हैं।

chat bot
आपका साथी