श्रीकांत सहित 14 लोगों की संपत्तियों की जानकारी जुटा रही पुलिस

महिला के साथ अभद्रता मामले में गैंगस्टर श्रीकांत त्यागी और केस से जुड़े करीब 14 लोगों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके लिए नोएडा पुलिस श्रीकांत से जुड़ी संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है।

By Kundan TiwariEdited By: Publish:Fri, 12 Aug 2022 08:36 PM (IST) Updated:Fri, 12 Aug 2022 08:37 PM (IST)
श्रीकांत सहित 14 लोगों की संपत्तियों की जानकारी जुटा रही पुलिस
श्रीकांत की संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है नोएडा पुलिस

जागरण संवाददाता, नोएडा : महिला के साथ अभद्रता मामले में गैंगस्टर श्रीकांत त्यागी और केस से जुड़े करीब 14 लोगों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना, दादरी तहसील को लिखित पत्र जारी कर 14 नामों की सूची भेजी है। पत्र के जरिये इन सभी की रजिस्टर्ड अचल संपत्ति का ब्योरा मांगा है, जिससे गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सके। प्राधिकरण ने अपने विभागों को निर्देशित कर जल्द संपत्तियों का ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा है। इसमें श्रीकांत त्यागी, राहुल, अन्नु त्यागी, उमेश त्यागी, साहिल त्यागी, छिद्दा त्यागी, अनुज त्यागी, बिट्टू त्यागी, रमेश त्यागी, विक्रांत त्यागी, गौरव त्यागी, सुनीता त्यागी, सुभाष त्यागी, नितिशा त्यागी की अचल संपत्ति की विस्तृत जानकारी मांगी है। पुलिस ने श्रीकांत त्यागी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। ऐसे में उसकी संपत्तियों का ब्योरा मांगा है। इससे पहले नोएडा प्राधिकरण जिला प्रशासन के साथ श्रीकांत त्यागी के भंगेल स्थित जमीन का सर्वे और पैमाइश कर चुका है। इसमें सात हजार 500 वर्ग मीटर जमीन मिली थी। इस पर वर्षा धर्मकांटा और करीब 50 दुकानें संचालित हैं। यह जमीन भंगेल में खसरा नंबर-130, 131 और 133 है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस ने भूलेख विभाग से मांगा है कि किसी भी गांव में इन लोगों के नाम पर संपत्ति ली गई हो या पांच फीसद का विकसित भूखंड किसानों से खरीदा गया हो। वाणिज्यक, औद्योगिक, संस्थागत, आवासीय भूखंड विभाग से संपत्तियों की जानकारी ली जा रही है। इसके बाद उनकी संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। 

chat bot
आपका साथी