नोएडा-फरीदाबाद यमुना पर पुल से जुड़ेगा

By Edited By: Publish:Fri, 25 Apr 2014 11:13 PM (IST) Updated:Fri, 25 Apr 2014 11:13 PM (IST)
नोएडा-फरीदाबाद यमुना पर पुल से जुड़ेगा

-अमीपुर, तिलौरी, बदरपुर शहर से जुड़ेगा नोएडा सेक्टर-150

-शेरपुर ढाढर, महावतपुर व टिकावली से जुडे़गा 167

जागरण संवाददाता, नोएडा :

नोएडा को फरीदाबाद के दो पुलों के जरिये जोड़ने की योजना को मंजूरी मिल गई है। फरीदाबाद को नोएडा से जोड़ने के लिए यमुना पर अमीपुर, तिलौरी, बदरपुर शहर को नोएडा सेक्टर-150 से तथा शेरपुर ढाढर, महावतपुर व टिकावली को नोएडा सेक्टर 167 में जोड़ने वाले दो पुल बनाए जाएंगे। नोएडा प्राधिकरण की हरियाणा की स्टेट कमेटी के साथ बैठक में दोनों पुलों के निर्माण की योजना मंजूर हो गई। यमुना नदी पर सेक्टर-168 और 167-ए के बीच 75 मीटर चौड़ी सड़क पर कालिंदी कुंज से दस किमी दूर यमुना पर नया पुल बनाया जाएगा। वहीं, सेक्टर-149-ए और सेक्टर-150 के बीच 75 मीटर चौड़ी सड़क के जरिये यमुना पर दूसरा पुल बनाया जाएगा। इन पुलों के निर्माण से नोएडा व ग्रेटर नोएडा से जहां फरीदाबाद सीधे जुड़ेगा, वहीं दिल्ली व गुड़गांव के बीच भी यातायात का आवागमन सुविधाजनक हो जाएगा। अब विभिन्न विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने का कार्य शुरू किया जाएगा।

कालिंदी कुंज के समानांतर यमुना पर प्रस्तावित पुल का डिजाइन करने वाली पुणे की कंपनी ही इन दोनों पुलों का डिजायन भी तैयार करेगी। मिट्टी के आधार, पानी के बहाव और मिट्टी के कटान की स्थिति के आकलन के साथ पिलर का प्रकार, गहराई, चौड़ाई और ऊंचाई का ब्योरा तैयार किया जाएगा। उसके बाद प्राधिकरण की तरफ से एस्टीमेट बनाया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि निर्माण प्रक्रिया शुरू होने में अभी भी दो वर्ष लग सकता है। नोएडा प्राधिकरण दोनों पुलों के निर्माण का खर्च वहन करेगा।

chat bot
आपका साथी