दहेज के लिए विवाहिता की हत्या

पति, सास, ससुर व देवर समेत चार के खिलाफ मुकदमा। दहेज में दो लाख रुपये न देने पर हत्या का आरोप।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 19 Jul 2018 11:54 PM (IST) Updated:Thu, 19 Jul 2018 11:54 PM (IST)
दहेज के लिए विवाहिता की हत्या
दहेज के लिए विवाहिता की हत्या

खतौली (मुजफ्फरनगर) : रतनपुरी थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव में दहेज में दो लाख रुपये न देने पर विवाहिता की ससुराल में हत्या कर दी गई। पति, सास, ससुर व देवर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हापुड़ जिले के पिलखुवा थानांतर्गत टनकपुर गांव निवासी सपना पुत्री दिनेश की शादी वर्ष 2012 में मुजाहिदपुर निवासी अरुण पुत्र चंद्रप्रकाश से हुई थी। उसके दो बच्चे परी (6) व आयुष (3) हैं। आरोप है कि बुधवार देर रात ससुराल में सपना की हत्या कर दी गई। सुबह उसका शव पलंग पर पड़ा मिला। चंद्रप्रकाश ने सपना के मायके वालों को जानकारी दी कि सपना की मौत हो गई। सुबह परिजन मौके पर पहुंचे। सपना के भाई पंकज ने बताया कि सपना के चेहरे व गले पर चोट के निशान हैं और उसकी जीभ बाहर निकली हुई थी। उन्होंने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव, इंस्पेक्टर पंकज लवानिया ने घटना की जानकारी ली। पंकज ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले सपना से दहेज में दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। इसके चलते उसकी हत्या की गई। पंकज ने पति अरुण, ससुर चंद्रप्रकाश, सास आशा व देवर अतुल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

मां को उठाने की कोशिश करता रहा मासूम

सपना का शव जमीन पर चादर में लिपटा था। सपना का मासूम बच्चा आयुष यह समझ नहीं पा रहा था कि आखिर घर में क्या हो रहा है। उसे लग रहा था कि उसकी मां सो रही है। आयुष ने कई बार शव के पास जाकर मां को उठाने की कोशिश की, लेकिन उसे पता नहीं था कि उसकी मां अब कभी नहीं उठेगी।

पुलिस ने बच्चों से की पूछताछ

पुलिस ने सपना की पुत्री परी और पुत्र आयुष से पूछा कि क्या उसके पिता या दादा-दादी उसकी मां से झगड़ा करते थे। बच्चों से पुलिस को खास जानकारी हाथ नहीं लगी।

रतनपुरी इंस्पेक्टर पंकज लवानिया का कहना है कि सपना की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की जानकारी मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी। भाई की तहरीर पर सपना के पति समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी