LIVE BLOG

LIVE Rampur By Election Result 2022 Updates : आजम खां के गढ़ में सपा की बड़ी हार, भाजपा के घनश्याम लोधी जीते

LIVE Rampur By Election Result 2022 Updates : रामपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना में सुबह से बढ़त बनाए सपा के आसिम राजा अब पिछड़ गए हैं। आजम खां के गढ़ में भाजपा के घनश्याम लोधी आगे हो गए हैं। उन्होंने निर्णायक बढ़त ले ली है। 40 हजार से अधिक वोटों से वह आगे हैं।

Samanvay PandeyPublish:Sun, 26 Jun 2022 07:32 AM (IST) Updated:Sun, 26 Jun 2022 02:50 PM (IST)
LIVE Rampur By Election Result 2022 Updates : आजम खां के गढ़ में सपा की बड़ी हार, भाजपा के घनश्याम लोधी जीते
LIVE Rampur By Election Result 2022 Updates : आजम खां के गढ़ में सपा की बड़ी हार, भाजपा के घनश्याम लोधी जीते

Highlights

  • रामपुर की मंडी समिति में सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतणना
  • मुख्य मुकाबले में आजम खां के करीब सपा प्रत्याशी आसिम राजा और भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी हैं
  • मतगणना 149 राउंड में होगी, दोपहर तक नतीजा आने की उम्मीद

रामपुर। Rampur lok Sabha By Election Result 2022 Live Updates :  रामपुर लोकसभा उपचुनाव में बड़ा उलटफेर हुआ है। आजम खां के गढ़ में समाजवादी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी ने सपा के आसिम राजा को 40 हजार से अधिक वोटों से हरा दिया है। अभी अधिकृत तौर पर घोषणा नहीं की गई है। लेकिन, मतगणना पूरी हो चकी है। मतगणना में सुबह से सपा के आसिम राजा बढ़त बनाए हुए थे। लेकिन भाजपा के घनश्याम लोधी ने मतगणना के अंतिम चरणों में बढ़त बना ली। मतगणना के आंकड़ों पर नजर डालें तो भाजपा को 51.85 प्रतिशत और सपा को 46.11 प्रतिशत मत मिले हैं। 

26/06/2022
2:50:11 pm

भाजपा के घनश्याम जीते, सपा के राजा 42048 से हारे

रामपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा के घनश्याम लोधी ने जीत का परचम लहरा दिया है। 33 राउंड पूरे होने पर उन्हें सर्वाधिक 367104 मत जबकि सपा के आसिम राजा को 325056 वोट मिले। इस तरह 42048 वोट से वह चुनाव जीत गए।

26/06/2022
2:21:39 pm

कौन हैं घनश्याम लोधी जिनका रामपुर से सांसद बनना लगभग तय

रामपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा ने आजम खां के गढ़ में सेंधमारी की है। भाजपा के घनश्याम लोधी सपा प्रत्‍याशी आसिम राजा को हराकर पहली बार सांसद बनने के करीब हैं। इससे पहले वह समाजवादी पार्टी में थे और आजम खां के बेहद करीबी माने जाते थे। घनश्याम सिंह लोधी दो बार विधान परिषद सदस्य चुने जा चुके हैं। सबसे पहले वह समाजवादी पार्टी के समर्थन से कल्याण सिंह की राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के टिकट पर रामपुर-बरेली स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र से 2004 में एमएलसी बने थे। इसके बाद इसी क्षेत्र से 2016 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर एमएलसी बने।

26/06/2022
2:06:29 pm

साढ़े सात लाख मतों की गिनती पूरी, भाजपा को मिले 51.93 प्रतिशत वोट, सपा को 46.03 प्रतिशत

रामपुर। रामपुर लोकसभा सीट के उपचुनाव की मतगणना में अब तक साढ़े सात लाख से अधिक मतों की गणना हो चुकी है। जिसमें भाजपा के घनश्याम लोधी सबसे आगे हैं। उन्हें 51.93 प्रतिशत वोट यानी 3,66,475 मत मिले हैं। जबकि सपा के आसिम राजा को 46.03 प्रतिशत यानी 3,24,782 वोट मिले हैं। अन्य चार प्रत्याशियों से ज्यादा नोटा को मत मिले हैं। तीसरे नंबर पर नोटा रहा है।

26/06/2022
1:16:13 pm

रामपुर उपचुनाव में बड़ा उलटफेर, भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी 37 हजार वोटों से जीते

रामपुर। रामपुर लोकसभा उपचुनाव में बड़ा उलटफेर हुआ है। मतगणना में सुबह से आगे चल रहे सपा के आसिम राजा हार गए हैं। अंतिम चरणों की मतगणना में भाजपा के घनश्याम लोधी ने बढ़त हासिल करके 37,000 मतों के अंतर से चुनाव जीत लिया है।हालांकि अभी अधिकृत तौर पर इसकी घोषणा नहीं की गई है।

26/06/2022
12:05:31 pm

सपा के आसिम राजा की बढ़त भाजपा के घनश्याम पर 13 हजार मतों से ज्यादा की हुई

रामपुर। लोकसभा उपचुनाव की मतगणना में 15 राउंड के बाद भी सपा के आसिम राजा अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। अब घनश्याम लोधी पर उनकी बढ़त 13 हजार मतों से ज्यादा की हो गई है। 15वीं राउंड की गणना के बाद सपा के आसिम राजा 1,80,282 मत लेकर पहले  नंबर पर जबकि, भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी 1,67,204 मत लेकर दूसरे नंबर पर हैं।

26/06/2022
11:51:01 am

13वें राउंड के बाद सपा के आसिम राजा नौ हजार वोटों से चल रहे हैं आगे

रामपुर। उपचुनाव की मतणना के 13 राउंड हो चुके हैं। इसमेंं सपा के आसिम राजा को 1,54,487 मत मिले हैं, जबकि भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी 1,45,309 लेकर दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। दोनों के बीच 9,178 मतों का अंतर चल रहा है।

26/06/2022
11:39:55 am

तीसरे नंबर पर नोटा, पहले-दूसरे नंबर पर सपा-भाजपा के प्रत्याशी

रामपुर। रामपुर लोकसभा उपचुनाव की मतगणना में 12 राउंड की गिनती हो चुकी है। शुरू से ही सपा के आसिम राजा बढ़त बनाए हुए हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा के घनश्याम लोधी हैं। हालांकि दोनों के बीच में अंतर ज्यादा नहीं है। 12वें राउंड की गणना के बाद अंतर पांच हजार मतों से भी कम का है। मतगणना में तीसरे नंबर पर नोटा है। अब तक नोटा को दो हजार से ज्यादा मत मिल चुके हैं। जबकि अन्य प्रत्याशी इससे कम मत पाए हैं।

26/06/2022
11:17:06 am

3,17,267 मतों की गिनती पूरी, सपा के आसिम राजा को 50.61, भाजपा के घनश्याम को 47.45 प्रतिशत वोट मिले

 रामपुर। लोकसभा उपचुनाव की मतगणना में 3,17,267 मतों की गिनती पूरी हो चुकी है। इसमें सपा के आसिम राजा को 50.61 प्रतिशत मिले हैं जबकि, भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी को 47.45 प्रतिशत वोट मिले हैं।

26/06/2022
11:05:09 am

आठवें राउंड की मतगणना के बाद आसिम राजा की घनश्याम लोधी पर बढ़त 10 हजार मतों से ज्यादा हुई

रामपुर। आठ राउंड के बाद आसिम राजा भाजपा के घनश्याम लोधी से 10,006 मतों से आगे चल रहे हैं। आसिम राजा को 94,989 मत मिले हैं। जबकि घनश्याम लोधी को आठवें राउंड के बाद 84,983 मत मिले हैं।

26/06/2022
10:56:34 am

छठे राउंड के बाद आसिम राजा की बढ़त बरकरार, घनश्याम लोधी ने भी तेजी पकड़ी, मतों का अंतर हुआ कम

रामपुर। छठे राउंड के बाद सपा के आसिम राजा 70486 मत लेकर सबसे आगे हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी हैं जो आसिम राजा से 4224 मतों से पीछे चल रहे हैं। घनश्याम लोधी को छठे राउंड तक 66262 मत मिले हैं।

26/06/2022
9:54:43 am

पहले राउंड की मतगणना के बाद सपा के आसिम राजा आगे, भाजपा के घनाश्याम दूसरे नंबर पर

रामपुर। लोकसभा उपचुनाव की मतगणना के पहले राउंड के नतीजे में सपा के आसिम राजा सबसे आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा के घनश्याम  सिंह लोधी हैं। आसिम राजा 6757 वोट से घनश्याम लोधी से आगे चल रहे हैं। उन्हें 22219 मत मिले हैं। जबकि घनश्याम लोधी को 15462 मत मिले हैं।

26/06/2022
9:08:52 am

सपा प्रत्याशी आसिम राजा पहुंचे मतगणना स्थल

रामपुर। आसिम राजा मतगणना स्थल पहुंचे। रामपुर लोकसभा उपचुनाव में आसिम राजा सपा के प्रत्याशी हैं। आजम खां के करीब आसिम राजा का मुख्य मुकाबला इस चुनाव में भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी से है। दोनोंं में कांटे की टक्कर दिख रही है।

26/06/2022
8:38:32 am

रामपुर उपचुनाव में कम मतदान को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाएंगे सपा विधायक और आजम के बेटे अब्दुल्ला आजम

रामपुर। लोकसभा उपचुनाव में टांडा में कम मतदान को लेकर आजम खां के बेटे विधायक अब्दुल्ला आजम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। उनका कहना है कि पुलिस ने लोगों को वोट नहीं डालने दिए। उन्हें मारपीट कर भगा दिया। उपचुनाव के नतीजे कुछ भी रहें लेकिन, वह सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल जरूर करेंगे। हम मतदान के दिन से ही हम कह रहे हैं कि पुलिस ने टांडा, दढ़ियाल और रामपुर शहर में लोगों को वोट नहीं डालने दिए। वोट डालने आए लोगों को मारपीट कर मतदान केंद्र से भगा दिया गया। इस बात के हमारे पास तमाम सबूत हैं। इसे लेकर हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। हम मतदान में धांधली को लेकर याचिका दायर कर रहे हैं। हमारे वकील तैयारी में लग गए हैं।

26/06/2022
8:30:25 am

रामपुर डीएम पहुंचे मतगणना स्थल, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

रामपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड मतगणना स्थल पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी का कहना है कि मतगणना पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी कराई जा रही है। सभी मतगणना कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वोटों की गिनती में किसी भी तरह की गड़बड़ी न होने पाए। दोपहर एक बजे तक मतगणना पूरी होने की उम्मीद है। इसके साथ ही नए सांसद के नाम की भी घोषणा कर दी जाएगी।

26/06/2022
8:16:08 am

मुख्य मुकाबला भाजपा-सपा में माना जा रहा, सपा के आसिम राजा को टक्कर दे रहे भाजपा के घनश्याम

रामपुर। भाजपा से घनश्याम सिंह लोधी प्रत्याशी हैं। पहले वह भी आजम खां के करीबी थे। उनके सहयोग से ही दो बार विधान परिषद सदस्य चुने गए। आजम खां ने एक बार तो उनका टिकट भी हेलीकाप्टर से मंगवा कर दिया था। लेकिन, इस साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा में शामिल हो गए थे। अब भाजपा के टिकट पर लोकसभा उपचुनाव लड़े। भाजपा ने उन्हें चुनाव जिताने के लिए पूरी ताकत लगाई। तमाम नेता रामपुर आए। दर्जनभर मंत्री भी कई दिन रामपुर में चुनाव प्रचार करते रहे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रामपुर में जनसभाओं को संबोधित किया।

26/06/2022
8:11:48 am

रामपुर उपचुनाव के मैदान में हैं कुल छह प्रत्याशी, मतगणना शुरू होते ही सभी की धड़कनें हुईं तेज

रामपुर। लोकसभा उपचुनाव के लिए 23 जून को मतदान हुआ। इस बार मतदान का प्रतिशत बहुत कम रहा। मात्र 41.71 प्रतिशत वोट ही पड़े। इस कारण प्रत्याशियों की धड़कन तेज है। भाजपा और सपा में कांटे की टक्कर है। हालांकि चुनाव मैदान में छह प्रत्याशी हैं। इस बार कांग्रेस और बसपा चुनाव मैदान से बाहर हैं। इन दोनों की पार्टी ने अपने प्रत्याशी खड़े नहीं किए। दोपहर एक बजे तक नतीजे सामने आ जाएंगे।

26/06/2022
8:08:48 am

इंतजार की घड़ियां खत्म, शुरू हो गई वोटों की गिनती

रामपुर: लोकसभा उपचुनाव के नतीजों का रुझान कुछ देर बाद ही आना शुरू हो जाएगा। मतगणना के लिए कर्मचारी और एजेंट मंडी समिति पहुंचने लगे हैं। मंडी के गेट पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। जांच पड़ताल के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है। मतगणना स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है। स्वार रोड और पुलिस लाइन के पास भी फोर्स लगी है। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हो जाएगी।

chat bot
आपका साथी