कोहरे के आगोश में मुरादाबाद मंडल, जानिए आगामी दिनों में कैसा रहेगा तापमान Moradabad News

ठंड ने लोगों को खासा परेशान कर रखा है। गलन से लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। इस बीच मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश की भी संभावना जताई है।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Mon, 30 Dec 2019 02:02 PM (IST) Updated:Mon, 30 Dec 2019 02:02 PM (IST)
कोहरे के आगोश में मुरादाबाद मंडल, जानिए आगामी दिनों में कैसा रहेगा तापमान  Moradabad News
कोहरे के आगोश में मुरादाबाद मंडल, जानिए आगामी दिनों में कैसा रहेगा तापमान Moradabad News

मुरादाबाद, जेएनएन। मंडल में रविवार की रात से ही घना कोहरा छाया रहा। सोमवार की दोपहर तक ये सिलसिला जारी रहा। बर्फीली हवाओं ने रफ्तार पर ब्रेक लगा रखी है। मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा और सम्भल में गली से लेकर चौराहों तक पर लोग अलाव तापते नजर आ रहे हैं। 

ठंड से बचने की जुगत 

जिला अस्पताल पर सामान्य दिनों की तरह ही भीड़ थी। लेकिन, सर्दी का सितम ऐसा था कि लोग हाथ रगड़ते तो कभी सिर को छुपाने की कोशिश करते। दांत किटकिटाने की नौबत आई तो अलाव के पास ही बैठना मुनासिब समझा। सर्दी का यह सितम शनिवार से शुरू होकर बदस्तूर रविवार को भी जारी रहा। सोमवार को भी बर्फीली हवाओं ने जन-जीवन को ऐसा प्रभावित किया कि हर किसी का दिन अलाव के पास ही गुजरा। इस बार ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शनिवार को पारा इतना गिरा कि पिछले सात साल का रिकॉर्ड टूट गया। ऐसा ही कुछ हाल रविवार को भी रहा। दिन में घना कोहरा छाया रहा लेकिन, शाम होते-होते बर्फीली हवाओं ने शहर को अपने गिरफ्त में ले लिया। रात होते-होते एक बार फिर घना कोहरा छा गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रात में घने कोहरे के कारण दृश्यता 10 मीटर भी नहीं रह गई। 

तापमान में नहीं हुआ खास बदलाव 

रविवार के साथ सोमवार के भी तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। जिला मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी निसार अहमद ने बताया पहाड़ी क्षेत्रों से बर्फीली हवाएं मैदानों से होकर गुजर रही हैं। इस कारण मौसम इतना ठंडा है। उन्होंने बताया दिन का तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

आने वाले दिनों में नहीं मिलेगी राहत

ठंड से परेशान लोगों को अभी राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान चार से छह डिग्री के ही आसपास रहने का अनुमान है। इसके अलावा दो से तीन जनवरी को बारिश के बाद मौसम बिगडऩे की संभावना बन रही है। 

chat bot
आपका साथी