मुरादाबाद में मारपीट मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत 21 पर केस, दो मीडिया कर्मियों पर भी कार्रवाई

Moradabad Akhilesh Yadav press conference ruckus lawsuit सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ थाना पाकबड़ा में मुकदमा दर्ज हुआ है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री सहित 21 अन्य सपाई शामिल हैं। गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मुरादाबाद में कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने आए थे।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Sat, 13 Mar 2021 05:23 PM (IST) Updated:Sat, 13 Mar 2021 09:22 PM (IST)
मुरादाबाद में मारपीट मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत 21 पर केस, दो मीडिया कर्मियों पर भी कार्रवाई
अखिलेश यादव मुरादाबाद में कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने आए थे।

मुरादाबाद, जेएनएन। Moradabad Akhilesh Yadav press conference ruckus lawsuit: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत सपा के 21 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुरादाबाद में मीडिया कर्मियों से मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उनके अंगरक्षकों के अलावा सपा कार्यकर्ताओं पर मुरादाबाद में एक पांच सितारा होटल में मीडिया कर्मियों से मारपीट का आरोप है। 

इंडियन प्रेस एलाईवनेस एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अवधेश पाराशर की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री व सपा मुखिया अखिलेश यादव और 20 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। आरोप लगाया कि व्यक्तिगत सवाल पूछने पर पूर्व मुख्यमंत्री छटपटा उठे। उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मियों व पार्टी कार्यकर्ताओं को पत्रकारों पर हमला के लिए उकसाया। इसके बाद वह खुद और सुरक्षाकर्मी, सपा कार्यकर्ता मीडियाकर्मियों पर टूट पड़े। दौड़ाकर पीटा, जिससे कई पत्रकारों को गंभीर चोटें आईं। घायल पत्रकारों का उपचार अभी भी अस्पताल में चल रहा है। 

दो मीडियाकर्मियों के खिलाफ साजिश रचने का मुकदमा:  इस मामले में साजिश के तहत पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में खलल डालने, उनके अंगरक्षकों व सपा कार्यकर्ताओं से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने दो मीडियाकर्मियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने तहरीर में आरोप लगाया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 11 मार्च को जेड प्लस सुरक्षा के बीच पांच सितारा होटल पहुंचे। प्रेसवार्ता शुरू होने से ठीक पहले फरीद शम्सी व उवैदुल रहमान नाम के दो व्यक्ति होटल पहुंचे। दोनों खुद को पत्रकार बता रहे थे। दोनों पूर्व मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मियों व सपा कार्यकर्ताओं पर लगातार छींटाकशी कर रहे थे। प्रेस कांफ्रेंस खत्म होने के बाद करीब साढ़े सात बजे दोनों ने पूर्व मुख्यमंत्री को प्रेस आइडी दिखाई। इसके बाद सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए जबरिया बाइट लेने पर आमादा हो गए। वीआइपी सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों से दोनों ने धक्कामुक्की की। इसके बाद बेहोशी का नाटक करते फरीद शम्सी जमीन पर लेट गए। दोनों कथित पत्रकारों ने जानबूझ कर सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए पूर्व मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने की कोशिश की। पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी जयप्रकाश निवासी आशियाना लखनऊ को बीच बचाव में काफी चोटें आईं।  

यह था पूरा मामला: दरअसल, मुरादाबाद में तीन दिवसीस प्रशिक्षण वर्ग में सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 11 मार्च को शामिल हुए। इससे पूर्व दिल्ली रोड स्थित पांच सितारा होटल में प्रेस कांफ्रेंस खत्म होने के उपरांत होटल की लाबी में विवाद हो गया। इसके बाद मारपीट एवं धक्कामुक्की में एक चैनल के प्रतिनिधि घायल भी हुए। 

एकत्र साक्ष्य के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई : मुरादाबाद एसपी सिटी अमित कुमार आनंद के मुताबिक, होटल में मारपीट के मामले में दोनों पक्षों से पुलिस को तहरीर मिली है। मीडियाकर्मियों की तहरीर पर पूर्व मुख्यमंत्री समेत 21 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, पत्रकारों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ है। घटना से संबंधित एकत्र साक्ष्य के आधार पर कानूनी कार्रवाई होगी।

chat bot
आपका साथी