मुरादाबाद के नागफनी में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर आठ वर्षीय बच्चा झुलसा, हालत गंभीर
जिले के नागफनी इलाके में पतंग में बंधे लोहे के तार में उतरे करंट से एक आठ साल का बालक झुलस गया। उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुरादाबाद। जिले के नागफनी इलाके में पतंग में बंधे लोहे के तार में उतरे करंट से एक आठ साल का बालक झुलस गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
नागफनी थानाक्षेत्र के बंगला गांव की तारों वाली गली में रहने वाली हंसा देवी का आठ वर्षीय पुत्र कृष्ण मुहल्ले के अन्य बच्चों के साथ छत पर खेल रहा था। तभी कहीं से एक पतंग गिरा जिसमें लोहे का तार बंधा था। तारों में पतंग उलझने की वजह से लोहे का तार हाईटेंशन लाइन में उलझ गया। बच्चे ने पतंग निकालने का प्रयास किया तो उसे करंट लग गया। करंट लगने की वजह से बच्चा दूर जाकर गिरा। इससे वो बुरी तरह झुलस गया। यह देख अन्य बच्चे शोर मचाते हुए वहां से भाग गए। सूचना पर पहुंची हंसा व मुहल्ले के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।