अंतिम सोमवार को जलाभिषेक की तैयारी

By Edited By: Publish:Fri, 01 Aug 2014 01:48 AM (IST) Updated:Fri, 01 Aug 2014 01:48 AM (IST)
अंतिम सोमवार को जलाभिषेक की तैयारी

मुरादाबाद। सावन के आखिरी सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों में विशेष उत्साह है। कांवड़ियों के जत्थे हरिद्वार और ब्रजघाट रवाना होने शुरू हो गए।

महानगर के कांवड़ियों के जत्थे गंगा जल लेने के लिए हरिद्वार और ब्रजघाट रवाना होने शुरु हो गए। गुरुवार को महानगर से कई जत्थे पूजा अर्चना कर बम-बम भोले के जयकारों के बीच बसों, ट्रेनों और निजी वाहनों से हरिद्वार और ब्रजघाट रवाना हुए। यह सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहेगा। यह कांवड़िये गंगाजल लेकर रविवार को लौट कर सोमवार की सुबह चौरासी घंटा मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। वहीं बरेली और रामपुर के कांवड़िये दिल्ली और कांठ रोड से गुजरे तो हाइवे शिव भजनों और जयकारों से गूंज उठा। इधर चार अगस्त को सावन के अंतिम सोमवार पर जलाभिषेक के लिए प्राचीन कामेश्वर नाथ महादेव चौरासी घंटा मंदिर, झारखंडी मंदिर समेत महानगर के शिव मंदिरों में तैयारी की गई है। माना जा रहा है कि चौरासी घंटा मंदिर में एक लाख से अधिक कांवड़िये जलाभिषेक करेंगे।

गेरुवे कपड़ों की बिक्री बढ़ी

महानगर में कांवड़ के लिए विशेष गेरुआ रंग के कपड़ों की बिक्री तेज हो गई है। गुरुवार को बाजारों में गेरुआ रंग के कपड़ों की खरीदारी के लिए कांवड़ियों की भीड़ नजर आई।

बढ़े सेवार्थ शिविर : कांठ रोड, दिल्ली रोड और रामपुर रोड पर कांवड़ियों की सेवार्थ शिविरों की संख्या बढ़ गई है। स्वयंसेवी संस्थाओं के अलावा व्यापारिक संगठनों ने भी शिविर लगाने शुरू कर दिए हैं। इन शिविरों में भंडारे के अलावा कांवडि़यों के विश्राम की व्यवस्था भी की गई है। एसएस चिल्ड्रेन एकेडमी कांठ रोड पर शिव भोले कांवर सेवा भंडारा समिति की ओर से कावड़ियों के लिए भंडारा किया गया। शिविर में भगवान शिव की झांकी कांवड़ियों के लिए मुख्य आकर्षक थी। शिविर में सुभाष खन्ना, संतोष त्रिपाठी, विजय कुमार आदि ने सहयोग किया।

chat bot
आपका साथी