दिवाली मनाने को ट्रेनों से लौट रहे लोग

जागरण संवाददाता मीरजापुर दिवाली पर्व ऐसा है कि हर कोई अपने परिवार संग त्योहार मनाने

By JagranEdited By: Publish:Wed, 03 Nov 2021 06:04 PM (IST) Updated:Wed, 03 Nov 2021 06:04 PM (IST)
दिवाली मनाने को ट्रेनों से लौट रहे लोग
दिवाली मनाने को ट्रेनों से लौट रहे लोग

जागरण संवाददाता, मीरजापुर : दिवाली पर्व ऐसा है कि हर कोई अपने परिवार संग त्योहार मनाने के लिए बेताब रहता है। ऐसे में विभिन्न प्रांतों को कमाने के लिए गए लोग अब अपने गांव को लौटने लगे हैं। डाउन की तरफ जाने वाली समस्त ट्रेनें यात्रियों से भरी हैं। वहीं अप की तरफ जाने वाली ट्रेनें अधिकतर खाली हैं। हालांकि इस बार कोरोना का प्रकोप कम होने पर बाहर पढ़ने गए छात्र-छात्राएं भी अपने घरों को लौट रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर स्टेशन पर चौकसी बरती जा रही है। दिवाली त्योहार पर जाने के लिए बुधवार को भी आरक्षण काउंटर पर भी टिकट आरक्षित कराने के लिए लोग जुटे रहे।

उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार प्रांत से अधिक संख्या में लोग मुंबई, पुणे, सूरत, गुजरात, दिल्ली, गाजियाबाद आदि प्रांतों को कमाने के लिए गए हैं। अधिकतर लोग तो अपने परिवार के साथ भी गए हैं। दिवाली त्योहार मनाने के लिए अब वे अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं। इस दौरान मुंबई मेल, कालका मेल, ताप्ती गंगा, महानगरी, हावड़ा जोधपुर, बह्मपुत्र, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आदि ट्रेनों से लोग अपने परिवार संग लौट रहे हैं। हालांकि कोरोना मद्देनजर जनरल टिकट चालू न होने के कारण लोग तीन माह पूर्व ही अपना टिकट आरक्षित करा लिए थे। इसके चलते प्रांतों को गए लोगों को अपने घर लौटने में परेशानी नहीं हो रही है। अधिकतर लोग डाला छठ पर्व भी मनाने के बाद ही वापस लौटने का मन बनाकर आ रहे हैं। इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा जारी कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह से यात्रियों को पालन कराया जा रहा है। इसके लिए रेलवे प्रशासन के अलावा आरपीएफ व जीआरपी द्वारा निगरानी बरती जा रही है। इस संबंध में आरपीएफ प्रभारी रजनीश राय ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से चौकसी बरती जा रही है। रेलवे ने चलाई त्योहार स्पेशल दो ट्रेन

उत्तर मध्य रेलवे ने दीपावली त्योहार के मद्देनजर दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है। इसमें भागलपुर-मुंबई 01245/46 तथा हबीबगंज-दानापुर 01647/48 ट्रेन है। यह दोनों ट्रेन दो से 17 नवंबर तक चलेंगी।

chat bot
आपका साथी