धर्मशाला निर्माण के लिए लगाई जिदगीभर की कमाई

जागरण संवाददाता अहरौरा (मीरजापुर) लोग रुपये कमाने के लिए जिदगीभर मेहनत करते हैं। उ

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Apr 2021 06:15 PM (IST) Updated:Sat, 03 Apr 2021 10:53 PM (IST)
धर्मशाला निर्माण के लिए लगाई जिदगीभर की कमाई
धर्मशाला निर्माण के लिए लगाई जिदगीभर की कमाई

जागरण संवाददाता, अहरौरा (मीरजापुर) : लोग रुपये कमाने के लिए जिदगीभर मेहनत करते हैं। उसे बुढ़ापे और अपने बच्चों के भविष्य के लिए बचाते हैं। कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो जीवनभर की कमाई को सामाजिक कार्य में खर्च कर देते हैं। ऐसे ही एक शख्स अहरौरा के रवानी टोला निवासी 75 वर्षीय सेवानिवृत्त रेलकर्मी भोलानाथ हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त के बाद जीवनभर की कमाई से एक धर्मशाला का निर्माण शुरू कराया है।

सेवानिवृत्त रेलकर्मी भोलानाथ ने अपने जीवन की पूरी कमाई धर्मशाला बनाने के लिए दान कर दी। वे 28 लाख रुपये की रकम से पट्टीकला स्थित दुर्गा मंदिर के पास धर्मशाला बनवा रहे हैं। इससे मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने के लिए पक्की छत का सहारा मिलेगा। भोलानाथ की यह नेक पहल सराहनीय और अनुकरणीय है, जो लोगों के लिए एक मिसाल है। भोलानाथ को कोई संतान नहीं है, उनकी पत्नी भी अब इस दुनिया में नहीं है। भोलानाथ ने बताया कि जब इस दुनिया में अपना कोई रहा ही नहीं तो वह किसके लिए अपनी पूरी संपत्ति छोड़कर जाएं। उनके पास जो भी संपत्ति है, वे उसे गरीबों व जरूरतमंदों के बीच खर्च करना चाहते हैं ताकि गरीब को मदद मिल सके। धर्मशाला बनाने के लिए उन्हें कोई भरोसेमंद व्यक्ति नहीं मिला। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष गुलाब मौर्या से धर्मशाला बनाने में मदद मांगी। इसके बाद दुर्गाजी मंदिर के पास खाली पड़ी भूमि पर धर्मशाला बनाए जाने का कार्य पूजा-अर्चना के साथ शुरू हो गया।

वर्जन

सेवानिवृत रेलकर्मी भोलानाथ ने जीवन में कमाए हुए 28 लाख रुपये धर्मशाला बनाने के लिए दान दिया है। दान के रुपये से दुर्गा मंदिर पर भव्य धर्मशाला बनाए जाने का कार्य शुरू हो गया है। धर्मशाला बनने से इसका लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा।

- गुलाब मौर्या, चेयरमैन, नगर पालिका परिषद, अहरौरा।

chat bot
आपका साथी