शीर्ष पर घमासान से आम कार्यकर्ता हैरान

मीरजापुर : सूबे की सत्तारूढ़ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में मचे घमासान के बीच रविवार को पैदा हुए नए घटन

By Edited By: Publish:Sun, 23 Oct 2016 08:53 PM (IST) Updated:Sun, 23 Oct 2016 08:53 PM (IST)
शीर्ष पर घमासान से आम कार्यकर्ता हैरान

मीरजापुर : सूबे की सत्तारूढ़ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में मचे घमासान के बीच रविवार को पैदा हुए नए घटनाक्रम ने आम कार्यकर्ताओं को हैरान कर दिया। हालात से दुखी तो सभी हैं लेकिन दिल का दर्द खुलकर कोई बयां नहीं करना चाहता। बडे़ नेताओं ने पूरे हालात पर चुप्पी ही साध ली है। काफी कुरेदने पर एक ही स्वर उभरा कि हालात जल्द सामान्य हो जाएंगे। सपा में विघटन की आशंका को सभी सिरे से नकार रहे हैं।

हर किसी को यह डर सता रहा कि कोई लाइन खींचकर टिप्पणी की तो न जाने कल क्या हो जाए और बड़ों के झगड़े में बैठे-बैठाए लेने के देने न पड़े। हालांकि पुराने समाजवादी और आम कार्यकर्ताओं का साफ मानना है कि विधानसभा चुनाव से ऐन पहले इस तरह की स्थितियां ठीक नहीं हैं। इससे जनता में गलत संदेश जा रहा है। हालांकि साफ-सुथरी राजनीति में विश्वास करने वाले बड़े तबके की सहानुभूति मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ है। दिनभर लखनऊ में चले राजनीतिक घटनाक्रम पर जिले के सपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने निगाह लगाए रखा। चट्टी-चौराहों तथा चाय की अड़ियों पर भी सपा की राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज थीं। कुछ सपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों के मन को टटोलने की जागरण ने कोशिश की। इस दौरान सामने आई बातों के अंश..

राजनीति में होती हैं ऐसी घटनाएं

समाजवादी पार्टी अगले साल पूरे दमखम के साथ विधानसभा चुनाव में उतरेगी। राजनीति में ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। मैं मुख्यमंत्री की बैठक में मौजूद था। अखिलेश यादव के नेतृत्व में दोबारा सूबे में सरकार बनाने में सपा सफल रहेगी।

- कैलाश चौरसिया

बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री।

किसी की नजर लग गई

समाजवादी पार्टी पर लगता है कि किसी की नजर लग गई। अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। स्थिति सामान्य होने की संभावनाएं हैं। कार्यकर्ता हताश व निराश नहीं हैं। उन्हें नेतृत्व पर पूरा भरोसा है।

- आशीष यादव,

जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी।

पार्टी पर कोई खतरा नहीं

पार्टी में फिलहाल जो हो रहा उस पर कोई टिप्पणी नहीं। सपा पर किसी तरह का कोई खतरा नहीं है। समय के साथ सब ठीक हो जाएगा। मैं मुख्यमंत्री की बैठक में भी हिस्सा लिया हूं।

- जगतंबा ¨सह पटेल

विधायक चुनार।

संगठन पर असर नहीं

ताजा घटनाक्रम से संगठन पर कोई असर नहीं पडे़गा। रही बात किसके साथ रहने की तो मैं नेताजी (मुलायम ¨सह यादव) और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दोनों लोगों के साथ हूं। मुख्यमंत्री की बैठक में भी शामिल हुआ हूं।

- भाईलाल कोल, विधायक छानबे।

मौजूदा परिस्थितियों पर नो कमेंट

राजनीति में उतार-चढ़ाव का दौर चलता रहता है। नो कमेंट। नेताजी (मुलायम ¨सह यादव) सभी को बैठाकर आपसी मतभेद दूर करा देंगे। जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। आम कार्यकर्ताओं पर ऐसी घटनाओं का कोई असर नहीं है।

- शिवशंकर यादव

पूर्व जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी।

आम कार्यकर्ता सपा के साथ

आम कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी के साथ हैं। कल क्या होगा इस पर टिप्पणी नहीं की जा सकती है। पूरा विश्वास है कि स्थितियां जल्द सामान्य हो जाएंगी।

- स्वामी शरण दुबे,

जिला प्रवक्ता समाजवादी पार्टी।

नेताजी के साथ हूं

सपा में विभाजन का सवाल ही नहीं उठता। संगठन को मुलायम ¨सह यादव ने अपने खून-पसीने से सींचा है। वे अपने जीते-जी ऐसा नहीं होने देंगे।

- अरुण कुमार दुबे,

नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष।

chat bot
आपका साथी