विस चुनाव मिलकर लड़ेंगे, मगर विलय नहीं : शिवपाल
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने रविवार को प्रेसवार्ता में कहा कि विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी समान विचारधारा के दल के साथ मिलकर लड़ सकती है मगर वह अपनी पार्टी का विलय नहीं करेंगे।
मेरठ, जेएनएन। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने रविवार को प्रेसवार्ता में कहा कि विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी समान विचारधारा के दल के साथ मिलकर लड़ सकती है, मगर वह अपनी पार्टी का विलय नहीं करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भी इस विषय में बात हुई है।
हरिद्वार से दिल्ली जाते हुए पल्लवपुरम में रुड़की रोड पर प्रसपा नेत्री शशि पिटू राणा के घर पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव का बुके देकर व फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। प्रेसवार्ता में पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी ने प्रदेश में चलो गांव की ओर, गांव-गांव पांव-पांव नामक अभियान चला रखा है। सभी जिलों में पदाधिकारी ग्रामीण क्षेत्र में पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के बनाए कानून और फैसले उद्योगपतियों के हित में हैं। पहले नोटबंदी, जीएसटी फिर आधार कार्ड लागू किया। मगर, नोटबंदी से अर्थव्यवस्था चौपट हो गई। जीएसटी से भ्रष्टाचार बढ़ा है। अभी तक जीएसटी तय नहीं हो पाया है। कांट्रैक्ट फार्मिग से कोई फायदा नहीं है। एमएसपी पर खरीद निर्धारित करनी चाहिए। किसानों की आय दोगुनी की बजाए आधी भी नहीं बची। चार सालों में महंगाई बढ़ी है। सपा सरकार में करीब दो दर्जन से अधिक चीनी मिलें लगी थीं। अब गन्ने का भुगतान भी समय पर नहीं हो पा रहा। प्रसपा किसान आंदोलन के समर्थन में है। उन्होंने कहा कि हमसे भी श्रीराम मंदिर को चंदा मांगा गया है, मगर हम करोड़ों नहीं दे पाएंगे। मंदिर को चंदा देंगे तो मजिस्द, गुरुद्वारा और चर्च को भी चंदा देंगे। परिवार संग जल्द रामलला के दर्शन करेंगे। प्रसपा नेता शैंकी वर्मा, जीतू नागपाल, दीपक सिरोही, इमरान, रोहित, शाहबाज, अभिषेक आदि मौजूद रहे।