तीन मंजिला मकान जैक से उठाया छह इंच ऊपर, दस दिन बाद सड़क से पीछे होगा दस फीट
सरधना के दबथुवा के मुख्य बाजार में मेरठ-करनाल हाईवे पर एक निजी कंपनी तीन मंजिला मकान को सड़क से 10 फिट पीछे करेगी। शुक्रवार को मकान को छह इंच ऊपर उठाया गया।
मेरठ, जेएनएन। सरधना के दबथुवा के मुख्य बाजार में मेरठ-करनाल हाईवे पर एक निजी कंपनी तीन मंजिला मकान को सड़क से 10 फिट पीछे करेगी। शुक्रवार को मकान को छह इंच ऊपर उठाया गया।
मेरठ-करनाल हाईवे पर चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है। बीते दिनों प्रशासन ने चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे कुछ मकानों के हिस्से को ध्वस्त कराया था। इस दौरान लोगों ने चंद दिन की मोहलत मांगी थी।
गांव निवासी वेद प्रकाश पुत्र करण सिंह ने यमुना नगर (हरियाणा) की जीके हाउस लिफ्टिग कंपनी को अपने तीन मंजिला मकान को पीछे खिसकाने का ठेका दिया था। कंपनी के इंजीनियर सुखविदर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जैक की मदद से मकान को दायीं तरफ ढाई इंच खिसकाकर छह इंच ऊपर उठाया गया। दस दिन बाद मकान को सड़क से दस फीट पीछे किया जाएगा।
इंजीनियर सुखविदर सिंह ने बताया कि तीन मंजिला मकान में नीचे की तरफ कुछ जैक टेढ़े लगवाए थे। इनकी मदद से ही मकान को दायीं तरफ ढाई इंच खिसकाया है। आठ दिन तक मकान को दस फीट पीछे करने के लिए जगह बनाई जाएगी। इसके बाद मकान जैक की मदद से पीछे होगा।
दबथुवा के मुख्य बाजार में मेरठ-करनाल हाईवे पर एक निजी कंपनी तीन मंजिला मकान को सड़क से 10 फिट पीछे हटाने की पहल कोई नई नहीं है। बता दें कि जैक लगाकर मकानों को उठाना अथवा खिसका देने का काम क्षेत्र में बखूबी चल रहा है। इससे पहले भी कई मकानों को इस काम में लगे तकनीकी विशेषज्ञों व कर्मचारियों के सहयोग से नई दिशा दी जा चुकी है।