300 असली के बदले में देते थे एक हजार के नकली नोट, और फिर कुछ इस तरह चलता था व्यवसाय Meerut News
Meerut Fake Note News यूपी के मेरठ में नकली नोटों के व्यवसाय का खुलासा हुआ है। पुलिस ने नकली नोटों के आरोपित सुनील से पूछताछ की तो उसने कई बड़ी बात बताई जो पुलिस को सकते में डाल दिया।
मेरठ, जेएनएन। नकली नोट के धंधे को श्रीकांत बड़े पैमाने पर संचालित करना चाह रहा था। पुलिस ने नकली नोटों के आरोपित सुनील से पूछताछ की तो उसने कई बड़ी बात बताई, जो पुलिस को सकते में डाल दिया। उसने बताया कि श्रीकांत आसपास के कई जनपदों में कुछ लोगों को इसके लिए तैयार किया था, जो तीन सौ असली नोट के बदले में एक हजार नकली नोट की खरीदारी करते थे। उसने यह भी बताया कि वही लोग गांव और कस्बों में नोट चलाने का काम करते थे।
रविवार को टीपीनगर पुलिस ने दिल्ली हाईवे स्थित वेद व्यासपुरी पुलिस चौकी के पास से फास्ट फूड की दुकान पर नकली नोट चलाते आजमपुर हुसैनपुर बुलंदशहर के सुनील कुमार पुत्र दशरथ को गिरफ्तार कर लिया। उसका दूसरा साथी श्रीकांत भागने में कामयाब हो गया था। सुनील के पास से पुलिस ने एक लाख 97 हजार 200 रुपये के नकली नोट 27 हजार 200 रुपये के अद्धनिर्मित नोट और 50 हजार की नकदी बरामद की थी।
नोएडा में नकली नोटों का हो सकता है स्टॉक
एसओ विजय गुप्ता ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया कि श्रीकांत ने आसपास के कई जनपदों से कुछ लोगों को तैयार किया था, जो तीस फीसद असली रकम देकर नकली नोट की खरीदारी करते थे। नकली नोट को ज्यादातर गांव और कस्बों में चलाया जाता था। पुलिस को नकली नोट चलाने वाले कुछ अन्य लोगों के नाम भी पता चे है, जो बुलंदशहर के रहने वाले है। उनकी धरपकड़ भी की जा रही है। पुलिस की जांच में सामने आया कि नोएडा में अभी भी नकली नोटों को स्टॉक मिल सकता है। ऐसे में पुलिस श्रीकांत की तलाश कर रही है।