साइबर ठगी का नया तरीका! नौकरी के नाम पर लिए कागजात, खाता खोलकर उठा लिया दो लाख का लोन

साइबर ठग शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपनाते रहते हैं। नौकरी के नाम पर एक युवती से आधार कार्ड से लेकर पैन कार्ड और अन्य जरूरी कागजात ले लिए। इसके बाद एक बैंक में खाता खोला और दो लाख रुपए का लोन ले लिया।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Thu, 23 Mar 2023 03:53 PM (IST) Updated:Thu, 23 Mar 2023 03:53 PM (IST)
साइबर ठगी का नया तरीका! नौकरी के नाम पर लिए कागजात, खाता खोलकर उठा लिया दो लाख का लोन
तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। जागरण

 जागरण संवाददाता, मेरठ: साइबर ठग शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपनाते रहते हैं। नौकरी के नाम पर एक युवती से आधार कार्ड से लेकर पैन कार्ड और अन्य जरूरी कागजात ले लिए। इसके बाद एक बैंक में खाता खोला और दो लाख रुपए का लोन ले लिया। किस्त नहीं देने पर बैंक कर्मचारी घर पहुंचे तो मामले की जानकारी हुई।

युवती ने साइबर सेल में शिकायत की है। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी खुशबू चौधरी ने बताया कि जुलाई 2022 में उसके पास नौकरी के लिए फोन आया था। उसने अपने जरूरी कागजात मेल कर दिए थे। कुछ समय बाद जब खुशबू ने नौकरी के बारे में जानकारी के लिए फोन किया तो बात नहीं हुई। खुशबू ने बताया दिसंबर 22 में राजस्थान की पुलिस कंकरखेड़ा पुलिस के साथ घर पहुंची और बताया कि राजस्थान के एक बैंक में तुम्हारा खाता खुला हुआ है।

खाते में ठगी के रुपए ट्रांसफर हुए हैं। खुशबू ने कोई भी खाता खुलवाने से इंकार कर दिया। 2 दिन पहले बैंक के कर्मचारी खुशबू के घर पहुंचे और बताया कि उनके नाम पर दो लाख रुपए का लोन है। किस्त भी जमा नहीं हो रही है। इसके बाद खुशबू ने साइबर सेल में शिकायत की। साइबर सेल प्रभारी ने बताया कि साइबर ठगों ने अकाउंट खुलवाया था। उसे बंद करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

chat bot
आपका साथी