Meerut Coronavirus News Update: खतरनाक ढंग से बढ़ रहा कोरोना, 124 नए पॉजिटिव केस, चार की मौत

मेरठ में कोरोनावायरस खतरनाक ढंग से फैल रहा है। बुधवार को 124 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें एक भाजपा नेता भी शामिल है। वहीं चार लोगों की मौत हो गई।

By Prem BhattEdited By: Publish:Thu, 03 Sep 2020 07:30 AM (IST) Updated:Thu, 03 Sep 2020 07:30 AM (IST)
Meerut Coronavirus News Update: खतरनाक ढंग से बढ़ रहा कोरोना, 124 नए पॉजिटिव केस, चार की मौत
Meerut Coronavirus News Update: खतरनाक ढंग से बढ़ रहा कोरोना, 124 नए पॉजिटिव केस, चार की मौत

मेरठ, जेएनएन। Meerut Coronavirus News मेरठ और आसपास के जिलों में कोरोना खतरनाक ढंग से फैल रहा है। मेरठ जिले में बुधवार को 124 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। चार मरीजों की जान चली गई। उधर, बीमारी को लेकर जिलाधिकारी ने मेडिकल कालेज के प्राचार्य, सीएमओ व अन्य अधिकारियों के साथ मीटिंग की। सीरो सर्वे की योजना भी बनाई गई। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि 3134 सैंपल की जांच की गई है। 124 नए मरीज मिलने के साथ ही 103 मरीजों को डिस्चार्ज भी कर दिया गया। नए मरीजों में मेडिकल कालेज की एक स्टाफ नर्स भी संक्रमित हुई है। उसने एक दिन पहले नव नियुक्त प्राचार्य को बुके भी दिया था। माना जा रहा है कि वह भी क्वारंटाइन हो सकते हैं। 

भाजपा नेता समेत कई अन्य भी संक्रमित 

शहर में भाजपा नेता समेत कई अन्य भी संक्रमित पाए गए हैं। उनका रोजाना बड़ी संख्या में लोगों से मिलना जुलना रहा है। 475 सैंपल की रिपोर्ट पेंडिंग है। अब तक कुल 3354 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। करीब साढे आठ सौ एक्टिव केस हैं। 1.72 लाख से ज्यादा लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। कोरोना से मरनेवालों में मवाना की 62 साल की महिला, वेस्टर्न कचहरी के शिवलोक निवासी 68 साल के व्यक्ति, पल्लवपुरम फेज एक निवासी 36 साल के युवक व हस्तिनापुर निवासी 70 साल की महिला शामिल हैं। मेडिकल कालेज में पिछले 24 घंटे में दो मरीजों की मौत हुई है। कोविड वार्ड प्रभारी डा. सुधीर राठी ने बताया कि रेमिडीसीवीर इंजेक्शन काफी कारगर साबित हो रहा है। शासन इसका अतिरिक्त डोज भेजेगा।

अब सीरो सर्वे में बच्चों का भी लिया जाएगा सैंपल

जिले में एंटीबाडी जांच को लेकर कई बड़े बदलाव किए गए हैं। शासन ने जिलाधिकारी एवं सीएमओ को पत्र भेजकर साफ कर दिया है कि अब छह वर्ष की उम्र से लेकर 59 साल के लोगों का सैंपल लिया जाएगा। इससे पहले 19 से 59 साल के लोगों का सैंपल लेने की योजना बनाई गई थी। हर क्षेत्र से 24 के बजाय अब 32 -32 लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। इस प्रकार 1450 लोगों में एंटीबाडी की जांच से आबादी में संक्रमण की स्थिति का पता चल सकेगा। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि गुरुवार को भी ट्रेनिंग होगी। चार से छह सितंबर तक सर्वे चलेगा। इस दौरान न सिर्फ एंटीबाडी जांच होगी, बल्कि हेपेटाइिटस बी व सी की भी जानकारी मिल सकेगी।

सीओ कोतवाली भी कोरोना संक्रमित

सीओ कोतवाली भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। अब उनके संपर्क में आए कर्मचारियों और लोगों की चेन पर निगाह है। बताया गया कि उनके मिलने वालों की चेन काफी बड़ी होगी। इसके अलावा नौचंदी थाना भी संक्रमण की गिरफ्त में है। थाना प्रभारी से लेकर कई अन्य स्टॉफ सदस्य संक्रमित हो चुके हैं। एक दारोगा तो मौत के मुहं से लौटे हैं। महिला सिपाही भी पॉजिटिव निकल चुकी हैं। बुधवार को थाने के हेडमोर्हिरर और मुंशी भी संक्रमित आ गए। उनका परिवार भी चपेट में है। पूरे थाने को सैनिटाइज कराया गया है। उनके संपर्क में आने वालों की सूची भी बनाई जा रही है।

chat bot
आपका साथी