23 दिसंबर को भैसाली मैदान में होगा किसान सम्मान समारोह, किसान मेला व प्रदर्शनी में मिलेगा यह सब कुछ

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौ. चरण सिंह के जन्मदिन अवसर को 23 दिसंबर को किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। कृषि विभाग की ओर से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए आयोजन स्थल निर्धारित हो गया है।

By Taruna TayalEdited By: Publish:Tue, 21 Dec 2021 04:55 PM (IST) Updated:Tue, 21 Dec 2021 04:55 PM (IST)
23 दिसंबर को भैसाली मैदान में होगा किसान सम्मान समारोह, किसान मेला व प्रदर्शनी में मिलेगा यह सब कुछ
भैसाली मैदान में होगा किसान सम्मान समारोह।

मेरठ, जागरण संवाददाता। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौ. चरण सिंह के जन्मदिन अवसर को 23 दिसंबर को किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। कृषि विभाग की ओर से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए आयोजन स्थल निर्धारित हो गया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर दिल्ली रोड स्थित भैसाली मैदान में सुबह 10 बजे से किसान सम्मान समारोह आयोजित होगा। डीएम के. बालाजी सम्मान समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

परंपरागत खेती करने वाले 92 किसान होंगे सम्मानित

मेरठ के उप कृषि निदेशक ब्रजेश चंद्र ने बताया कि किसान सम्मान दिवस के लिए शासन की ओर से कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा ने दिशा-निर्देश दिए हैं। किसान सम्मान दिवस के अवसर पर किसान गोष्ठी व किसान प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। सम्मान दिवस के अवसर पर ऐसे किसानों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने परंपरागत खेती में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए कृषि विविधीकरण व औद्यानिक खेती में उल्लेखनीय कार्य किया है। इसमें उद्यान, डेयरी, पशुपालन व शाकभाजी में चयनित किसानों को सम्मानित करने के लिए शामिल किया गया है। मेरठ में विकासखंड स्तर पर 60 व जनपद स्तर पर 32 किसानों को सम्मानित करने के लिए चयनित किया गया है।

कृषि मेला व प्रदर्शनी में मिलेगा यह सब

23 दिसंबर को आयोजित होने वाले कृषि मेला व प्रदर्शनी में किसानों के लिए चलाई जा रही सभी योजनाओं के बारे में भी स्टाल लगाकर जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्र, केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान व कृषि विश्वविद्यालय मोदीपुरम के विज्ञानी नवीनतम कृषि तकनीकी के साथ व्याख्यान व संवाद करेंगे। किसानों द्वारा उठाई गई तकनीकी समस्याओं का समाधान भी किसान मेले में कृषि विज्ञानियों व अधिकारियों के माध्यम से किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी