Kisan Andolan: मेरठ टोल प्लाजा से 100 से ज्यादा ट्रैक्टरों के साथ गाजीपुर बार्डर रवाना हुए किसान, नरेश टिकैत बोले- नहीं हटेंगे पीछे
कृषि कानूनों के विरोध में गुरूवार को लगभग 150 ट्रैक्टरों के साथ मेरठ स्थित सिवाय टोल प्लाजा पहुंच गए। जहां किसानों ने आठ लाइनों पर कब्जा जमा लिया। शुक्रवार की सुबह 100 ट्रैक्टर ट्रॉली व 700 किसानों के साथ नरेश टिकैत गाजीपुर बार्डर के लिए रवाना हुए।
मेरठ, जेएनएन। कृषि कानूनों के विरोध में गुरूवार को लगभग 150 ट्रैक्टरों के साथ मेरठ स्थित सिवाय टोल प्लाजा पहुंच गए। जहां किसानों ने आठ लाइनों पर कब्जा जमा लिया। साथ ही टोल को मुक्त करा दिया। इसके अलावा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। वहीं शुक्रवार की सुबह नरेश टिकैत के अगुवाई में 100 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ गाजीपुर बार्डर के लिए रवाना हो गए। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने शुक्रवार को ट्रैक्टर रैली के गाजीपुर बार्डर रवाना होने से पहले बातचीत में कहा कि केंद्र सरकार पीछे नहीं हटती है तो किसान भी हटने वाले नहीं है। टिकैत करीब सौ ट्रैक्टर-ट्राली और लगभग सात सौ किसानों संग गाजीपुर बार्डर की ओर रवाना हो गए।
गुरुवार को सहारनपुर से भाकियू संगठन के बैनर तले ट्रैक्टर-ट्राली पर किसानों की रैली गाजीपुर बार्डर के लिए रवाना हुई। रैली का नेतृत्व भाकियू में युवा संगठन के अध्यक्ष गौरव टिकैत और भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत कर रहे थे। गुरुवार रात में रैली सिवाया टोल प्लाजा पर पहुंची, जहां किसानों के भोजन की व्यवस्था स्थाई ईकाई ने की। गुरुवार सुबह चाय और पकौड़ी का नाश्ता करने के बाद किसानों की ट्रैक्टर-ट्राली का जत्था गाजीपुर बार्डर के लिए रवाना हुआ। नरेश टिकैत और गौरव टिकैत अलग-अलग ट्रैक्टर पर चालक की सीट पर सवार थे। बातचीत में नरेश टिकैत ने कहा कि महीनों से किसान गर्मी, सर्दी और बरसात को खुले आसमान के नीचे गाजीपुर बार्डर समेत अन्य कई बार्डर पर बिता रहा है। मगर, लगता है कि केंद्र सरकार ने आंखें मूंद ली हैं। ट्रैक्टर ट्राली दिल्ली में प्रवेश नहीं करेगी। गाजीपुर बार्डर पर पहुंचकर रैली का समापन किया जाएगा।
व्यापारियों की सरकार किसानों की कर रही अनदेखी
नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार व्यापारियों के हित में सोच रही है। जबकि देश का अन्नदाता किसान के बारे में सरकार को सोचना तो दूर, बात करने का भी समय नहीं है। कृषि कानूनों से व्यापारी तबके को फायदा होगा, मगर किसान के हाथ से उनकी फसल समेत जमीन भी निकल जाएगी। सरकार को किसानों के हित में किसान संगठनों से बातचीत कर समाधान निकालना चाहिए।
पल्लवपुरम हाईवे पर लगा जाम
गाजीपुर बार्ड के लिए टोल प्लाजा से जब रैली रवाना हुई तो पल्लवपुरम फेज-वन के सामने जागर रोक दी गई। यहां करीब दस मिनट तक रैली रूकी, जिस कारण हाईवे और कट के सामने जाम लग गया। स्थानीय नागरिकों को फेज-वन और मोदीपुरम की जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। जो वाहन फेज-वन की रोड पर निकले, तो वहां भी जाम लग गया।