तेल का खेल : पूर्ति निरीक्षक समेत तीन कर्मचारियों के बयान किए गए दर्ज Meerut News

मेसर्स रतिराम खूबचंद के स्टॉक में हजारों लीटर बेहिसाब मिट्टी के तेल मिलने के मामले में रविवार को पूर्ति निरीक्षण समेत तीन कर्मचारियों के बयान दर्ज हुए।

By Prem BhattEdited By: Publish:Mon, 16 Sep 2019 09:33 AM (IST) Updated:Mon, 16 Sep 2019 10:35 AM (IST)
तेल का खेल : पूर्ति निरीक्षक समेत तीन कर्मचारियों के बयान किए गए दर्ज Meerut News
तेल का खेल : पूर्ति निरीक्षक समेत तीन कर्मचारियों के बयान किए गए दर्ज Meerut News

मेरठ, जेएनएन। मेसर्स रतिराम खूबचंद के स्टॉक में हजारों लीटर बेहिसाब मिट्टी के तेल मिलने के मामले में रविवार को पूर्ति निरीक्षण समेत तीन कर्मचारियों के बयान दर्ज हुए। गत सात सितंबर को मिट्टी के तेल के थोक विक्रेता मेसर्स रतिराम खूबचंद के कुंडा स्थित डिपो में छापामारी के दौरान बेहिसाब 71,888 लीटर केरोसिन का स्टॉक मिला था। डिपो मालिक संजय कुमार के खिलाफ परतापुर थाने में पूर्ति निरीक्षक की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया था।

दबिश भी दे चुकी पुलिस
आरोपित को पकड़ने के लिए पूर्व में पुलिस घर पर दबिश भी दे चुकी है, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी थी। रविवार को पुलिस ने आपूर्ति निरीक्षक योगेंद्र समेत तीन कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। इंस्पेक्टर परतापुर आनंद मिश्र ने बताया कि मामले में लगातार कार्रवाई चल रही है। दूसरी ओर, संजय कुमार की अग्रिम जमानत के लिए आज सुनवाई होगी।

धनेंद्र जैन को मिला दो दिन का समय
अवैध तेल के भंडारण की सूचना पर शुक्रवार सुबह पुलिस ने टीपीनगर के जगन्नाथपुरी स्थित विशाल जैन पुत्र धनेंद्र जैन की फर्म डीपी पेट्रोकैम पर छापा मारा था। छह विभागों की संयुक्त टीम ने करीब 14 घंटे तक कार्रवाई की थी। मौके से बड़ी मात्र में तेल मिला था, जिसे सील कर दिया गया था। पूर्ति विभाग ने फर्म के बिक्री और खरीद के रजिस्टर भी कब्जे में ले लिए थे। वहीं, रविवार को पुलिस ने धनेंद्र जैन को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा कि आप दो दिन में अपना पक्ष रख सकते हैं।

‘गलत लोगों का साथ न दें पदाधिकारी’
मिलावटी पेट्रोल व बड़ी मात्र में केरोसिन पकड़े जाने के मामले में आरोपितों का साथ देने पर संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियों के विरोध में व्यापारी सामने आने लगे हैं। पल्लवपुरम स्थित एक होटल में हुई बैठक में व्यापारियों ने व्यापार संघ के पदाधिकारियों के निर्णय पर रोष व्यक्त किया।

सरकार विभाग के अफसर शामिल
व्यापारी नेता मनोज राणा ने कहा कि मिलावट के इस खेल में व्यापारियों के साथ सरकारी विभाग के बड़े अधिकारी भी संलिप्त हैं। इसकी विस्तृत शिकायत मुख्यमंत्री और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री से की जाएगी। मिलावटी पेट्रोल के कारण वाहन खराब हो रहे हैं। शहर को कई सौ करोड़ की क्षति हो चुकी है। डा. ओपी तोमर ने कहा कि इस कार्रवाई पर जनता और व्यापारी खुश हैं। शहर बंद कराने वालों के साथ आम व्यापारी नहीं हैं। मिलावट के आरोपितों के समर्थन में बाजार बंद नहीं किया जाएगा।

ये लोग रहे मौजूद
शीलेंद्र चौहान ने कहा कि व्यापारी नेताओं को जनता की भावना का भी ध्यान रखना चाहिए। गलत व्यापारियों का साथ नहीं देना चाहिए। पेट्रोल ही नहीं खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों का भी भंडाफोड़ होना चाहिए। ओमपाल, डा. राजकुमार, संजय गुप्ता, सतपाल, मुकेश सिंह, ब्रजेश गुप्ता, सतेंद्र चौहान, ज्ञानेंद्र वर्मा, राकेश सोम, अमित बालियान भी मौजूद रहे।

तेल माफिया को समर्थन करने वालों का करेंगे बहिष्कार
सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ ने तेल माफिया को समर्थन करने वाले व्यापारी नेताओं के बहिष्कार का ऐलान किया है। अध्यक्ष किशोर वाधवा व महामंत्री महिपाल सिंह मलिक ने बताया कि नकली व मिलावटी तेल के खेल में आम जनता सबसे अधिक प्रभावित हुई है। मिलावटी तेल से लोगों के वाहन समय से पहले ही खराब हो गए। इन सबके जिम्मेदार तेल माफिया पर पुलिस प्रशासन को कडी कार्रवाई करनी चाहिए। कहा कि जो व्यापारी संगठन, नेता या पुलिस प्रशासनिक अधिकारी इन माफिया को संरक्षण दे रहे हैं। उनके विरूद्ध सरकार से कार्रवाई की अपील की जाएगी। 

chat bot
आपका साथी