तेल का खेल : संयुक्त व्यापार मंडल का एलान, तेल माफिया के समर्थन में बंद नहीं होंगे बाजार Meerut News

दो दिन पहले संयुक्त व्यापार संघ ने मेरठ के बाजार बंद करने की धमकी दी तो अब संयुक्त व्यापार मंडल ने एलान किया है कि तेल माफिया के समर्थन में बाजार बंद नहीं होने देंगे।

By Prem BhattEdited By: Publish:Tue, 17 Sep 2019 02:59 PM (IST) Updated:Tue, 17 Sep 2019 02:59 PM (IST)
तेल का खेल : संयुक्त व्यापार मंडल का एलान, तेल माफिया के समर्थन में बंद नहीं होंगे बाजार Meerut News
तेल का खेल : संयुक्त व्यापार मंडल का एलान, तेल माफिया के समर्थन में बंद नहीं होंगे बाजार Meerut News

मेरठ, जेएनएन। Illegal Oil Busted मिलावटी पेट्रोल और बेहिसाब केरोसिन पकड़े जाने के दो मामलों पर प्रशासन व पुलिस की तरफ से कार्रवाई हो रही है। दूसरी ओर इस प्रकरण को लेकर व्यापारियों में टकराव है। दो दिन पहले संयुक्त व्यापार संघ ने मेरठ के बाजार बंद करने की धमकी दी तो अब संयुक्त व्यापार मंडल ने एलान किया है कि तेल माफिया के समर्थन में बाजार बंद नहीं होने देंगे।

पत्रकार वार्ता में दी जानकारी
पश्चिम उप्र संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशु शर्मा ने विभिन्न सामाजिक संगठनों, ट्रांसपोर्ट व्यापारियों व अन्य व्यापारिक संगठनों को साथ लेकर सोमवार को होटल में बैठक के बाद पत्रकार वार्ता की। कहा कि कुछ व्यापारी नेता तेल माफिया का साथ देने के लिए मेरठ का बाजार बंद करने की धमकी दे रहे हैं। मिलावटी तेल की वजह से ट्रांसपोर्टरों के वाहनों के इंजन एक-दो साल में ही सीज हो गए और अब ये नेता उनके बचाव में भावनात्मक कार्ड खेल रहे हैं।

विभागों के अफसर शामिल
तेल माफिया को बचाने के लिए उन्हें पूरे व्यापारियों से जोड़ा जा रहा है। कई विभागों के अधिकारी इसमें संलिप्त हैं, इसलिए सीबीआइ जांच की मांग को लेकर वह मंगलवार को डीएम को ज्ञापन देंगे। कहा यदि इसमें निदरेष व्यापारियों को फंसाया गया और उसको लेकर व्यापार संघ ने कोई कदम उठाया तब उनके साथ हैं। अखिल भारतीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमित, सेव इंडिया फाउंडेशन के रविंद्र मलिक, जाट महासभा के रोहित जाखड़, बुनकर एसोसिएशन से शाहिद, कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन से ओमदत्त त्यागी, भारतीय किसान आंदोलन के अध्यक्ष कुलदीप त्यागी आदि मौजूद रहे।

फंस गया विशाल जैन
काले तेल के अवैध भंडारण मिलने के मामले में डीपी पेट्रोकैम के स्वामी विशाल जैन फंस गए। सोमवार की शाम सात बजे टीपीनगर पुलिस ने विशाल और प्रदीप जैन की धरपकड़ को उनके घर कमला नगर पर दबिश दी। विशाल जैन नहीं मिल पाए। प्रदीप जैन घर पर मौजूद थे। उनकी हालत गंभीर होने की वजह से गिरफ्तारी नहीं की गई।

भाग निकले थे कर्मचारी
शुक्रवार की सुबह पुलिस और प्रशासन की छह टीमों ने संयुक्त रूप से टीपीनगर के कमला नगर जगन्नाथपुरी स्थित विशाल जैन पुत्र धनेंद्र जैन की फर्म डीपी पेट्रोकैम पर छापा मारा। फर्म के अंदर टैंक से टैंकर में तेल लोड किया जा रहा था। छापामारी की कार्रवाई को देखते हुए सभी कर्मचारी मौके से भाग गए थे। विशाल जैन और उनके पिता धनेंद्र जैन को बुलाने फोन पर बुलाने के बाद भी मौके पर नहीं पहुंचे। छह टीमों की छापामारी में फर्म के अंदर 45782 लीटर कथित काला तेल बरामद कर सील कर दिया।

नोटिस के बाद भी नहीं आया जवाब
पूर्ति विभाग की तरफ से टीपीनगर थाने में विशाल जैन और प्रदीप जैन के खिलाफ 3,7 आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया। एसओ दिनेश चंद ने बताया कि विशाल जैन को नोटिस भेजने के बाद अभी तक कोई जवाब नहीं दिया गया। सोमवार की शाम सात बजे विशाल जैन की गिरफ्तारी को दबिश दी गई है। विशाल जैन घर पर मौजूद नहीं थे। उनके पिता धनेंद्र जैन से विशाल के बारे में पूछताछ की गई। दूसरे आरोपित प्रदीप जैन बीमार चल रहे है, जो बेड से उठने लायक स्थिति में नहीं थे। इसलिए प्रदीप जैन को गिरफ्तारी नहीं किया गया। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि आरोपित की लोकेशन देखी जा रही है।

इनका कहना है
विशाल जैन ने जल्द ही साक्ष्य मुहैया नहीं कराए तो उनके खिलाफ न्यायिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उनकी धरपकड़ को दबिश डाल रही है।
- अजय साहनी, एसएसपी

प्रशासन ही कार्रवाई हुई धड़ाम
मिलावटी पेट्रोल प्रकरण में पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई धड़ाम हो गई। गैंगस्टर और रासुका की कार्रवाई सभी आरोपितों पर नहीं होने से गुड्डू जैन समेत चार आरोपितों को जमानत मिल गई। उससे पहले छह आरोपित जमानत पर रिहा हो चुके है। सिर्फ राजीव जैन पर रासुका लगाई गई थी, जिसकी जमानत नहीं हो पाई। 20 अगस्त को वेदव्यासपुरी में पारस केमिकल और देवपुरम में गणपति पेट्रोकैम पर छापाकर 2.20 लाख लीटर मिलावटी पेट्रोल पकड़ा था। पुलिस ने आरोपित राजीव जैन, श्वेत, उमेश, तफशीराम, प्रदीप गुप्ता, आकाश गर्ग, आनंद प्रकाश, रविंद्र कुशवाह, राजवीर और राजकुमार को जेल भेज दिया। गुड्डू और नितिन जैन का नाम प्रकाश में आने पर उसे भी जेल भेज दिया था।

रासुका की कार्रवाई करने का दावा
पुलिस प्रशासन ने दावा किया था कि सभी पर गैंगस्टर और रासुका की कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को आरोपित नितिन जैन उर्फ गुडडू, श्वेत सचदेवा, तापसी राम व उमेश राय को न्यायालय विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट सुनील कुमार श्रीवास्तव ने जमानत अर्जी स्वीकार की। साथ ही उनके रिहा करने के आदेश दिए। बता दें कि इससे पहले भी चारों आरोपितों को जमानत मिल चुकी थी। तब रिहाई के समय पुलिस ने धाराएं बढ़ा दी थी, जिससे उनकी रिहाई नहीं हो सकी। उसके बाद एक आरोपित राजीव जैन पर रासुका की कार्रवाई की गई, जबकि बाकी आरोपितों पर पुलिस कार्रवाई करने में बैकफुट पर आ गई। पुलिस प्रशासन की ढीली कार्रवाई की वजह से आरोपितों को जमानत मिल गई। एसएसपी ने बताया कि एसआइटी की टीम साक्ष्य जुटा रही है। 

chat bot
आपका साथी